Close

भाजपा विधायक के बेटे की शादी में शाही इंतजाम

छत्तीसगढ़ के भाटापारा से भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा के बेटे की शादी हुई। बारनवापारा के फॉरेस्ट एरिया में लगाए गए इसी शादी के टेंट की वजह से बवाल हुआ था। विवादों में छाई इस शादी का समारोह बारनवापारा से 20 किलोमीटर दूर बरबसपुर के मोएरा रिसॉर्ट में शनिवार को हुआ। अब इस कार्यक्रम की तस्वीरें सामने आई हैं। विधायक शिवरतन शर्मा ने बेटे की शादी में शाही बंदोबस्त किया था। पंडाल की सजावट, इवेंट और पूरे मैनेजमेंट के लिए रायपुर और आस-पास के शहरों के एक्सपर्ट टीम ने जिम्मा संभाला था।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, कई सांसद विधायक, प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मंत्री समेत कई अफसर भी इस शाही कार्यक्रम मेें शामिल हुए। इस कार्यक्रम में एक दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंदी, भाजपा के डॉ रमन और कांग्रेस के मंत्री मो अकबर एक साथ आस-पास बैठकर हंसी मजाक करते दिखे। हाल ही में कवर्धा में हुए धार्मिक बवाल की वजह से अकबर भाजपा के निशाने पर थे। मगर शादी के कार्यक्रम में दोनों नेताओं को देखकर लगा कि कुछ हुआ ही नहीं था। कवर्धा डॉ रमन सिंह का घरेलू इलाका है, पिछले विधानसभा चुनाव में यहीं से अकबर जीते थे।

बृजमोहन का डांस

बिल्कुल बारात के सही वक्त पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल शादी के कार्यक्रम में पहुंच गए। यहां उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला। दूल्हे की घोड़ी के साथ-साथ चल रहे थे। मौका मिला तो पंजाबी ढोल पर भांगड़ा करते कैमरे में कैद हो गए। उनका साथ खुद मेजबान शिवरतन शर्मा और विधायक नारायण चंदेल ने दिया।

वीआईपी  ने दिया जोड़े को आशीर्वाद

पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद संतोष पांडे, पूर्व आईएएस  ओपी चौधरी समेत कई सियासी दिग्गज इस कार्यक्रम में नव दंपती को आशीर्वाद देते दिखे। बड़ी तादाद में यहां भाटापारा से भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी पहुंचे थे।

बवाल के बाद हटाना पड़ा था टेंट

बारनवापारा अभ्यारण्य के पर्यटक ग्राम में विधायक शर्मा के बेटे की शादी की वजह से टेंट लगाए गए थे। यहां लोगों के खाने-पीने का बंदोबस्त किया जा रहा था। खुद वन विभाग के अफसर सारा बंदोबस्त संभाल रहे थे। ये तस्वीरें मीडिया में आईं तो अफसरों ने टेंट हटवा दिए और सभी कार्यक्रम 20 किलोमीटर दूर शिफ्ट करने पड़े। इस पर विधायक ने कहा था, मेहमानों के खाने का बंदोबस्त वहां किया जा रहा था, शादी वहां नहीं थी।

 

यह भी पढ़ें- मंत्री डहरिया को आया गुस्सा तो हुआ बवाल

One Comment
scroll to top