Close

छग के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली में फहराया तिरंगा

० राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अनुपस्थिति में संगठन ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

० राष्ट्रीय कार्यालय में ध्वज फहराना मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता के लिए सम्मान व गौरव का विषय : डॉ रमन सिंह

नई दिल्ली। आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जेपी नड्डा के पारिवारिक कारण की वजह से अनुपस्थिति में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह इतिहास में पहली बार है जब छत्तीसगढ़ के किसी बड़े नेता ने दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में तिरंगा ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस मनाया है। दशकों से भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्पित रहे डॉ रमन सिंह केंद्रीय मंत्री, छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष और डेढ़ दशक (15 वर्षों) तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहने के साथ ही वर्तमान में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। इस लंबी राजनीतिक यात्रा में डॉ रमन सिंह ने संगठन स्तर पर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिस वजह से भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपती रहती है।

भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को तिरंगा फहराने का दायित्व प्राप्त होने पर डॉ रमन सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय कार्यालय में तिरंगा फहराना एक जिम्मेदारी के साथ-साथ ही बहुत सम्मान का विषय है, एक साधारण कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर भारतीय जनता पार्टी ने केवल डॉ रमन सिंह का ही सम्मान नहीं किया है बल्कि छत्तीसगढ़ को भी सम्मानित किया है, जिसके लिए वह सदैव भाजपा संगठन के आभारी हैं। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने समस्त देशवासियों के प्रति गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

scroll to top