Close

ब्रिगेडियर विग्नेश महंती छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया के नए कमांडर

ब्रिगेडियर विग्नेश महंती ने सोमवार 31 जनवरी को भारतीय सेना के छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया के कमांडर की जिम्मेदारी संभाल ली। वे सेना के कई महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं। अभी तक सब एरिया को कमान कर रहे ब्रिगेडियर प्रशांत चौहान ने उन्हें पदभार सौंपा।

अपने तीन दशकों से अधिक के शानदार सैन्य कार्यकाल में ब्रिगेडियर महंती, देश-विदेश में कई महत्वपूर्ण अभियानों और प्रशासनिक नियुक्तियों पर पदस्थ रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, आर्मी स्कूल ऑफ एमुनिशन, डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज से प्रशिक्षण लिया है। अपने लंबे करियर में उन्होंने कश्मीर घाटी में एक इंजीनियर रेजिमेंट और पूर्वी थिएटर में एक माउंटेन ब्रिगेड की कमान संभाली है। भूटान में भारतीय सैन्य प्रशिक्षण दल का हिस्सा रहे हैं।

उन्हें सेना मुख्यालय सहित विभिन्न रक्षा स्थापनाओं में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया था। ब्रिगेडियर मोहंती एक इंजीनियरिंग स्नातक हैं। उन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा और सामरिक अध्ययन में और फिलीपींस से राष्ट्रीय सुरक्षा प्रशासन में मास्टर्स किया है। अपने विशाल अनुभव, क्षमता और साख से छत्तीसगढ़ और ओडिशा राज्यों में भारतीय सेना के प्रयासों को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद है।

पूर्व कमांडर को फूलों से लादकर दी विदाई

COSA मुख्यालय में सैन्य अफसरों और जवानों ने पूर्व कमांडर ब्रिग्रेडियर प्रशांत चौहान को फूल-मालाओं से लादकर विदाई दी। उन्हें खुली जीप में बिठाकर जवानों ने नारे लगाए। अधिकारियों ने बताया, ब्रिगेडियर चौहान ने राज्य सरकार के साथ एक बेहतर पेशेवर संबंध विकसित करने और छत्तीसगढ़ और ओडिशा राज्यों में सशस्त्र बलों के की प्रभावी मौजूदगी बनाए रखने और बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

दोनों राज्यों में सेना का सर्वोच्च प्रशासनिक केंद्र

रायपुर में छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया (COSA) दोनों राज्यों में भारतीय सेना का सर्वोच्च प्रशासनिक मुख्यालय है। यह प्रशासनिक मुद्दों और नागरिक प्राधिकारियों को आपदा सहायता प्रदान करता है।

 

ये भी पढ़ें- इकोनॉमिक सर्वे में 2022-23 जीडीपी ग्रोथ 8- 8.5 फीसदी रहने की उम्‍मीद

One Comment
scroll to top