Close

छत्तीसगढ़ में फिर बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में फिर  मौसम बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बरसात का तंत्र बन रहा है। इसकी वजह से बस्तर के छह जिलों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वर्षा संभावित क्षेत्र में रायपुर भी शामिल है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवा का आगमन जारी है। इस कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अभी राजस्थान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ वाले इलाके में एक विंड कॉन्फ्लिक्ट जोन (ऐसा क्षेत्र जहां विपरीत दिशाओं से आ रही हवा टकराती है) बन रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र में तीन और चार फरवरी को बरसात संभव है। रायपुर, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी और गरियाबंद जिले के उत्तरी हिस्सों में बूंदाबादी अथवा हल्की बरसात हो सकती है। इसका असर अधिक से अधिक कांकेर जिले तक होगा।

वर्षा का मुख्य क्षेत्र बिलासपुर और सरगुजा संभागों में केंद्रित होगा। यहां कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होगा और बरसाती तंत्र ओडिशा की ओर आगे बढ़ जाएगा।

पिछले 10 सालों में केवल तीन बार सूखी रही है फरवरी

छत्तीसगढ़ में सामान्य तौर पर फरवरी का महीना शीत ऋतु की विदाई का होता है। इस बीच छिटपुट बरसात सामान्य बात है। पिछले 10 सालों में केवल तीन बार, 2012, 2016 और 2017 में ही यहां बरसात नहीं हुई। इन वर्षों में एक दिन में सबसे अधिक 43.6 मिलीमीटर बरसात 25 फरवरी 2020 को दर्ज हुई है। हालांकि रायपुर में फरवरी महीने में 24 घंटे में सर्वाधिक बरसात का ऑलटाइम रिकॉर्ड 57.4 मिलीमीटर का है। यह 104 साल पहले यानी 4 फरवरी 1917 को दर्ज हुआ था।

अभी सामान्य से थोड़ा नीचे है तापमान

छत्तीसगढ़ के अधिकांश केंद्रों पर अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे ही है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29-30 डिग्री सेल्सियस के बीच है। यह सामान्य है। वहीं अम्बिकापुर में 24, जगदलपुर में 29 डिग्री सेल्सियस तापमान सामान्य से कम है। बिलासपुर, दुर्ग, पेण्ड्रा रोड का दिन सामान्य से थोड़ा गर्म हो चला है। न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसमें से अधिकांश केंद्रों पर यह सामान्य से नीचे है।

 

यह भी पढ़ें- भाजपा और उसकी विचारधारा सबसे बड़ा खतरा- राहुल गांधी

One Comment
scroll to top