Close

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘‘शक्ति सम्मान‘‘ समारोह में शामिल हुई राज्यपाल सुश्री उइके

महिलाओं के प्रति नकारात्मक मानसिकता को बदलने की है आवश्यकता: सुश्री अनुसुईया उइकेउत्कृष्ट कार्य करने के लिए छत्तीसगढ़ की 19 महिलाओं को किया सम्मानित

रायपुर 07 मार्च 2022/ आज राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आई.बी.सी.-24 द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान‘ समारोह  में शामिल हुईं। समारोह में कला, व्यवसाय, चिकित्सा, ज्योतिष शास्त्र, कृषि, समाजसेवा जैसे क्षेत्रों मे विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली 19 महिलाओं का सम्मान करते हुए स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

सुश्री उइके ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर देश-प्रदेश की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि आज विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं अच्छा काम कर रही हैं। इन महिलाओं का सम्मान निश्चय ही उनके मनोबल में वृद्धि करेगा। इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को उजागर करने और सकारात्मक समाचारों को समक्ष लाने में इलेक्ट्रानिक मीडिया की बहुत बड़ी भूमिका है।

सुश्री उइके ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं भी राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर रही हैं। कोण्डागांव के सल्फीपदर गांव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां के जंगल बचाने , शराबबंदी और नशामुक्ति के लिए महिलाएं लड़ाई लड़ रही थी । उन्हें किसी तरह का सहयोग न मिलने पर भी वे हार न मानते हुए यहां तक का सफर तय किया। आज सरकारी सहयोग से वे महिलाएं वहां कई उत्पादक कार्य कर रही हैं। उनके सहयोग से वहां दूसरे लोगों को आधारभूत सुविधाएं मिल पा रही हैं। गुंजन सक्सेना के बारे में उन्होंने कहा कि 1994 में वह भारतीय वायुसेना में शामिल हुई और कारगिल युद्ध का हिस्सा बनकर देश में दूसरी लड़कियों के लिए मिसाल बनीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच रखने वालों की मानसिकता बदलने की जरूरत है। ऐसे लोगों के कारण ही महिलाओं को आज भी अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा है जिसकी वे हकदार हैं।

उन्होंने कहा कि देश की इन नारी शक्तियों के कार्यों को मीडिया के द्वारा विश्व भर में पहुंचाने की जरूरत है। हमारे देश की बेटियांे आज राजनीति, प्रशासन, रक्षा, विज्ञान, आर्थिक, सामाजिक तथा शिक्षा जगत् में सफलता के परचम लहरा रही हैं। महिलाओं के सामने  कई समस्यायें और चुनौतियां आती हैं। सफलता और असफलता जिंदगी के दो पहलू हैं। हमें इनसे घबराना नहीं चाहिए।  दृढ़ निश्चय कर लें तो कोई समस्या आड़े नहीं आती। जब हौसला बुलंद हों तो सारे रास्ते आसान हो जाते हैं।

नारी शक्ति सम्मान समारोह के इस अवसर पर महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया सहित विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित थे। इस अवसर पर सुश्री उइके और श्रीमती अनिला भेड़िया को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

 

यह भी पढ़ें- दो लाख से कम आय वाले परिवारों की बच्चियों को सहयोग करेगा जेएसपीएल फाउंडेशन

One Comment
scroll to top