Close

दिल्ली : होली में जापानी महिला से बदसलूकी , नाबालिग समेत 3 को पुलिस ने लिया हिरासत में

नई दिल्ली। दिल्ली में होली पर एक जापानी महिला को कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से परेशान किये जाने और उसे जबर्दस्ती छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक किशोर समेत तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ लोग एक विदेशी को रंग लगा रहे हैं और वह विदेशी महिला असहज जान पड़ती है। उसमें यह भी दिख रहा है कि एक व्यक्ति उसके सिर पर अंडा फोड़ देता है। वह ‘बाय बाय’ कहती हुई सुनी जा सकती है।

पुलिस के अनुसार यह वीडियो होली का है और इसे पहाडगंज में शूट किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रही लड़की जापानी पर्यटक है, जो पहाड़गंज में ठहरी थी और शुक्रवार को वह बांग्लादेश चली गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की ने कोई शिकायत नहीं की है और न ही उसने अपने देश के दूतावास से संपर्क किया है। उन्होंने बताया कि दूतावास के एक अधिकारी ने एक ई-मेल के जवाब में कोई शिकायत न किये जाने की पुष्टि की है।

 

scroll to top