Close

भाजपा की कार्यसमिति में भूपेश सरकार निशाने पर

रविवार को हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज की तारीफ़ और प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया। राजनीतिक प्रस्ताव में कांग्रेस सरकार पर जनता से वादाखिलाफी और विश्वासघात का आरोप लगाया गया है। प्रस्ताव में छत्तीसगढ़ में चारों ओर हताशा और निराशा की स्थिति, क़र्ज़ का बोझ, बेरोजगारी और आतंक का माहौल, ख़राब कानून-व्यवस्था की जानकारी दी गई है।

कार्यसमिति की बैठक में सांसद सरोज पांडे द्वारा पेश राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन सांसद रामविचार नेताम ने किया। प्रस्ताव में किसानों और धान खरीदी के मुद्दे पर सरकार द्वारा झूठ  बोलने का भी आरोप लगाय गया है। वनों की अवैध कटाई और केंद्रीय फंड के मद को बदलने का भी आरोप लगाया गया है। भाजपा का कहना है कि जन, जंगल और ज़मीन सभी आज प्रदेश में संकटग्रस्त हैं।  प्रस्ताव में शासकीय ज़मीनों की नीलामी, तबादला उद्योग, प्रशासन का राजनीतिकरण, राजनीति का अपराधीकरण जैसे मुद्दों को लेकर भूपेश सरकार को निशाने में लिया गया है।

कार्यसमिति को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि हम जब संवेदनशीलता, समर्पण, सेवाभाव और सामूहिकता से कार्य करेंगे तो हमें कोई परास्त नही कर सकता है। उन्होंने कहा- परिवारवाद लोकतंत्र के लिये घातक है,  हमें परिवार में एक भाव से कार्य करके संगठन को मजबूत बनना होगा। प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा -कांग्रेस सरकार  समय से पहले सत्रावसान कर विपक्ष के द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों से भाग खड़ी हुई ।  कांग्रेस सरकार लगातार विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है।  प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने  कहा कि हम सबका एक ही लक्ष्य है मिशन 2023। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रदेश की कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देना होगा। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस की सरकार कल्पनिक और इवेन्ट मैनेजरों के सहारे चल रही है।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्ययोजना पर कार्य करने का निर्देश दिया। पूर्व मंत्री व महिला मोर्चो प्रदेश प्रभारी लता उसेंडी ने कोविड-19 टीकाकरण अभियान के विषय के कार्ययोजना की प्रस्तुतीकरण की जानकारी दी। भाजपा उपाध्यक्ष मोतीलाल साहू ने शोक प्रस्ताव रखा। पार्टी के दिवंगत नेताओं व कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री नारायण चंदेल व भुपेन्द्र सवन्नी  ने किया।  प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में  नंदकुमार साय, गौरीशंकर अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल, ननकी राम कंवर, अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, रंजना साहू,  प्रेमप्रकाश पाण्डेय, सुनील सोनी, संतोष पाण्डेय, गोमती साय, विजय बघेल, अरूण साव, सौरभ सिंह, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति के सदस्य, सांसद, विधायक  मौजूद थे।

scroll to top