Close

कर्नाटक में BJP ने 189 कैंडिडेट की लिस्ट जारी की:इनमें सिर्फ 8 महिलाएं, 52 नए नाम

बेंगलुरु-बेंगलुरु-BJP ने मंगलवार रात कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 189 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी। इसमें सिर्फ 8 महिलाएं हैं। CM बसवराज बोम्मई शिगगांव से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र अपने पिता के शिकारीपुरा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। अब सिर्फ 34 नामों का ऐलान होना बाकी है। सीएम बोम्मई ने कहा- दूसरी लिस्ट भी जल्द जारी की जाएगी।BJP के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि अपनी परंपरागत चिकमंगलूर सीट से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री आर अशोक को दो सीटों से मैदान में उतारा जा रहा है। वे राज्य के कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार के खिलाफ कनकपुरा से और इसके अलावा पद्मनाभनगर सीट से भी चुनाव लड़ेंगे।मंत्री वी सोमन्ना भी दो सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगे। वरुणा सीट से उनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से होगा। पार्टी ने उन्हें चामराजनगर से भी टिकट दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के. चिक्कबल्लापुर सीट तो मंत्री डॉ. अश्वथनारायण सीएन मल्लेश्वरम सीट से किस्मत आजमा रहे हैं।BJP ने OBC से 32, SC से 30, ST से 16 और 5 वकीलों को टिकट दिया है। केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली स्थित पार्टी हेडक्वार्टर पर ये लिस्ट जारी की। कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार के तेवर बगावती नजर आ रहे हैं। पार्टी ने उन्हें खुद चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। वे चुनाव लड़ने पर अड़े हुए हैं। इस पर मीडिया ने सवाल किया तो प्रधान ने कहा- पार्टी उन्हें मना लेगी।

सीनियर लीडर के एस ईश्वरप्पा ने चुनाव लड़ने से इनकार किया
कर्नाटक भाजपा के सीनियर नेता केएस ईश्वरप्पा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। उन्होंने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया है। उन्होंने कहा- मैंने बेंगलुरु में हुई कर्नाटक भाजपा चुनाव समिति की बैठक में अपने डिसीजन के बारे में बताया था, लेकिन पार्टी के नेताओं प्रह्लाद जोशी, नलिन कुमार कतील समेत अन्य नेताओं ने मेरे फैसले को इनकार कर दिया था।
scroll to top