Close

कर्नाटक विधानसभा चुनाव : पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कहा-लोगों का प्यार बीजेपी के प्रति प्यार दर्शाता है

नई दिल्ली। गुरुवार को कर्नाटक चुनाव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस संबोधन में पीएम ने कहा कि एक अनुशासित कार्यकर्ता होने के नाते मैं भी आप सभी कार्यकर्ताओं और जनता के दर्शन करने के लिए आ रहा हूं। राज्य में प्रचार करने वाले भाजपा नेता बताते हैं कि प्रचार के दौरान उन्हें लोगों से कितना प्यार मिलता है। यह भाजपा के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।

 

पीएम ने आगे कहा कि भाजपा और अन्य पार्टियों में सबसे बड़ा फर्क अप्रोच का है। हमारे विरोधियों का एजेंडा सत्ता हथियाना है । हमारा एजेंडा है आने वाले 25 सालों में देश को विकसित बनाना, गरीबी से मुक्त करना और नौजवानों के सामर्थ्य को सबसे आगे बढ़ाना। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षों में कर्नाटक की विकास यात्रा को नेतृत्व देने के लिए भाजपा एक युवा टीम का निर्माण कर रही है।

मोदी ने कहा कि कर्नाटक में लोकतंत्र का उत्सव चल रहा है। भाजपा ने चुनावों को हमेशा लोकतंत्र के महोत्सव की तरह सेलिब्रेट किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का सूत्र समझाने वाले भगवान बसवेश्वर की धरती से, कनार्टक की समृद्ध परंपरा के प्रतिनिधि और राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत भाजपा के कार्यकर्ता होने का डबल गौरव आप सभी को प्राप्त है।

उन्होंने कार्यकर्ता से लोगों का दिल जीतने की बात कही। उन्होंने कहा कि बूथ जीतने की शुरुआत तब होती है जब कार्यकर्ता बूथ से जुड़े परिवारों को जीत लेता है, उनके दिल को जीत लेता है। वहीं उन्होंने कोरोना महामारी पर बात की।

उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों में देश का अनुभव रहा है कि जहां-जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है वहां-वहां गरीब कल्याण योजनाएं तेजी से जमीन पर उतरी हैं। जिन राज्यों में भाजपा सरकार नहीं है वहां वह कोशिश करते हैं कि केंद्र सरकार की कोई भी योजना सफल न हो। कुछ लोग तो योजना से जुड़ते ही नहीं है और कुछ राज्य ऐसे हैं जो योजना का नाम बदल देते हैं। जब भाजपा को सेवा को मौका मिलता है तो विकास की स्पीड और स्केल दोनों बढ़ जाती है।

पीएम मोदी ने 2014 से पहले और आज के विकास की तुलना की। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले की योजनाओं में एक घर बनने में 300 दिन लगते थे। आज 100 दिन से भी कम समय में घर बन रहे हैं। पहले घर का आकार 20 वर्ग मीटर होता था, अब घर का आकार 25 वर्ग मीटर होता है। पहले की योजना में एक घर को 70-75 हजार रुपये की मदद दी जाती थी, आज ये मदद 1 लाख 30 हजार रुपये कर दी गई है। इससे भी बड़ी बात ये है कि अब पैसे सीधे लाभार्थी के बैंक अकाउंट में भेजे जाते हैं, कोई बिचौलिया नहीं होता है।

 

scroll to top