Close

जंतर मंतर पहुंची प्रियंका गांधी,धरने पर बैठे पहलवानों से की मुलाकात

नेशनल न्यूज़। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे पहलवानों से शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मुलाकात की और उनके प्रति समर्थन जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिंह को बचा रही है। कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि सबसे पहले सिंह को उनके पद से हटाया जाना चाहिए। प्रियंका कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के वास्ते रवाना होने से पहले शनिवार सुबह जंतर-मंतर पहुंचीं। उन्होंने महिला पहलवानों से अलग बातचीत भी की और कुछ देर वहां बैठीं। इस दौरान, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ थे।

प्रियंका ने संवाददाताओं से कहा, “जब ये लड़कियां देश के लिए पदक जीतती हैं, तो सभी लोग उनकी तारीफ करते हैं, देश के लिए गौरव बताते हैं, लेकिन आज जब धरने पर बैठी हुई हैं, तो कोई सुनने को तैयार नहीं है।” उन्होंने कहा कि पहले बृजभूषण शरण सिंह को कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद से हटाया जाए, क्योंकि पद पर रहते हुए वह शक्ति का दुरुपयोग और पहलवानों का करियर बर्बाद करते रहेंगे। प्रियंका ने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह सिंह को क्यों बचा रही है?

पदक जीत के आए तो पीएम ने मिलने बुलाया, अब क्यों नहीं मिल रहे?
उन्होंने कहा, “इन लड़कियों ने अपने देश और प्रदेश के लिए इतना कुछ किया है…. जब ये पदक जीतकर आई थीं, तो प्रधानमंत्री ने इन्हें बुलाया था, लेकिन अब क्यों नहीं मिल रहे?” एक सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कोई उम्मीद नहीं है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जब भी महिलाओं के खिलाफ शोषण की बात आती है, तो सरकार मौन हो जाती है। उन्होंने कहा कि देश की सभी महिलाओं को इन महिला पहलवानों के साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि कार्रवाई हो।

 

scroll to top