जंगल में खूनी हमला! तेंदूपत्ता तोड़ रही महिलाओं पर जंगली सूअर का कहर, 5 गंभीर रूप से घायल

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ के कोहलाकसा जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिलाओं पर जंगली सूअर के हमले से हड़कंप मच गया है। इस दर्दनाक घटना में 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चिचोला, मूंगलानी और नारायणगढ़ गांव की करीब 10 महिलाएं तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए एलबी नगर क्षेत्र के कोलहाकसा जंगल गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया।
हमला इतना तेज और खतरनाक था कि महिलाएं संभल भी नहीं पाईं और 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में भर्ती, एक की हालत गंभीर
हमले में कोलहाकसा गांव की फूलबाई साहू की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है। उनके सीने और हाथ में गहरी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाके में दहशत
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। तेंदूपत्ता सीजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, ऐसे में यह हमला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगलों में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





