Accident Breaking : डेरा ब्यास जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्राले से टकराई, 8 की मौत; कई घायल

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा ममदोट ब्लॉक के जंगा वाला मोड़ के पास हुआ, जहां डेरा ब्यास जा रही श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा पिकअप एक ट्राले से टकरा गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का जत्था जलालाबाद से डेरा ब्यास के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब साढ़े छह बजे जंगा वाला मोड़ के पास पिकअप और ट्राले के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री वाहन से उछलकर सड़क पर जा गिरे।
मृतकों में महिलाएं और बच्चा भी शामिल
हादसे में मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं और एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। वहीं करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्राला चालक को झपकी आने के कारण वाहन कुछ समय के लिए गलत दिशा में चला गया। पिकअप चालक ने खतरा भांपते हुए वाहन को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ट्राला चालक ने भी वाहन सीधा कर लिया, जिससे दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद राहत-बचाव कार्य शुरू
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
ओवरलोडिंग ने बढ़ाया हादसे का दर्द
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिंद्रा पिकअप में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे। वाहन में करीब 30 लोगों को बैठाया गया था। पिकअप के अंदर अतिरिक्त जगह बनाने के लिए अस्थायी ढांचा तैयार किया गया था, जबकि पीछे की ओर लकड़ी के फट्टे लगाकर वाहन का हिस्सा बढ़ाया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





