#प्रदेश

DMF बैठक में बड़े फैसले: रायपुर के स्कूल, अस्पताल, पेयजल और पर्यावरण को मिलेगी नई ताकत, 37 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) शासी परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए करीब 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा और ग्रामीण विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।

‘DMF का हर पैसा जनता के हित में खर्च हो’

बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि DMF फंड का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह राशि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त होती है, इसलिए इसका उपयोग केवल बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण के कार्यों में होना चाहिए।

स्कूलों में स्मार्ट क्लास, अतिथि शिक्षकों के लिए 8 करोड़

ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए अतिथि शिक्षकों के वेतन मद में 8 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। वहीं सरकारी स्कूलों में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट क्लासरूम विकसित करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल और भूजल संरक्षण पर विशेष जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 8.30 करोड़ रुपये (830 लाख) स्वीकृत किए गए। सांसद ने अधूरी पाइपलाइन योजनाओं को जल्द पूरा करने और गिरते भूजल स्तर को सुधारने के लिए वॉटर रिचार्ज कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बंद खदानों की होगी फेंसिंग

बारिश के दौरान बंद खदानों में होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सांसद ने DMF फंड से परित्यक्त खदानों की फेंसिंग और व्यवस्थितिकरण का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हर ब्लॉक में मिलेगी एम्बुलेंस

जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 6 करोड़ रुपये (600 लाख) का प्रावधान किया गया। इसके तहत हर ब्लॉक में एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज में गंभीर मरीजों की दवाइयों के लिए 50 लाख रुपये अलग से स्वीकृत किए गए।

पर्यावरण और सौर ऊर्जा को बढ़ावा

पर्यावरण संरक्षण के लिए पहले निर्धारित 60 लाख रुपये की राशि बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिले के 348 गांवों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने में सहयोग देने का निर्णय लिया गया।

महिलाओं और युवाओं के लिए भी अहम फैसले

ग्रामीण महिलाओं की सुविधा के लिए ‘मॉडल महतारी सदन’ बनाए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 48 लाख रुपये का प्रावधान किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए प्रति केंद्र 15 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे।

युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं पशुपालन विभाग के लिए पशुओं की दवाइयों की खरीद हेतु 5 लाख रुपये मंजूर किए गए।

लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

बैठक में सांसद ने 14 हजार लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी DMF मद से आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

बैठक में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कलेक्टर गौरव सिंह, जिला पंचायत CEO कुमार विश्वरंजन, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

नवनियुक्त सदस्यों का किया स्वागत

बैठक के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जिला खनिज संस्थान न्यास शासी परिषद के नवनियुक्त सदस्यों देवजी भाई पटेल, संजय ढीढ़ी, राजेश बंछोर, सत्यम दुआ, संतोष तिवारी और भूपेंद्र सोनबेर को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।