#प्रदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल करेंगे डूमरतराई के नवीन थोक बाजार का लोकार्पण, आधुनिक व्यापारिक परिसर को मिलेगा नया नाम

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल 8 जुलाई रायपुर के डूमरतराई स्थित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का लोकार्पण और नामकरण करेंगे। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित इस आधुनिक व्यापारिक परिसर को प्रदेश के व्यापारियों और आम नागरिकों को समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। इस अवसर पर कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहेंगे।

राजकीय शोक के कारण टला था कार्यक्रम

गौरतलब है कि इस परियोजना का लोकार्पण पहले 5 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन पद्म विभूषण से सम्मानित पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर घोषित राजकीय शोक के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब इसका आयोजन 8 जुलाई को किया जा रहा है।

36 एकड़ में विकसित हुआ आधुनिक व्यापारिक परिसर

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह थोक बाजार चौड़ी सड़कों, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात प्रबंधन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इस परियोजना का उद्देश्य रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापारिक गतिविधियों को सुव्यवस्थित करना और आर्थिक विकास को नई गति देना है।

दो चरणों में हुआ निर्माण

परियोजना के पहले चरण में करीब 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए हैं। वहीं दूसरे चरण में 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित थोक व्यापारिक केंद्र मिलेगा।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि यह नया थोक बाजार प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा। साथ ही रायपुर को एक सुव्यवस्थित व्यापारिक हब के रूप में नई पहचान मिलेगी। यह परियोजना व्यापारियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के साथ उन्हें सुरक्षित, आधुनिक और सुविधायुक्त व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराएगी।

ये जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

लोकार्पण एवं नामकरण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, रायपुर महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी उपस्थित रहेंगे।