Breaking : रायपुर की 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 2-3 मजदूरों की मौत की आशंका; कई घायल

० उरला के बेंद्री स्थित फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट से मची अफरा-तफरी, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका; पुलिस और राहत दल मौके पर
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंद्री स्थित 3D फैक्ट्री में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 2 से 3 मजदूरों की मौत की आशंका है, जबकि कई अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जबकि मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह भीषण ब्लास्ट हुआ। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।
फैक्ट्री प्रबंधन पर सवाल
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं घटना के काफी देर बाद तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि जांच और राहत कार्य पूरा होने के बाद की जाएगी। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।





