Close

मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना यादव का निधन

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव का शनिवार दोपहर निधन हो गया। उन्हें कई दिनों से फेफड़ों में दिक्कत थी। स्वास्थ्य ज्यादा खराब होने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। निधन की खबर मिलते ही मुलायम सिंह यादव मेदांता के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच सकते हैं। साधना यादव की मुलायम सिंह यादव के साथ दूसरी शादी हुई थी।

मुलायम से 20 साल छोटी थीं साधना

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुलायम सिंह यादव से उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता 20 साल छोटी थीं। साधना लंबे समय से फेफड़े की दिक्कत से जूझ रहीं थीं। वे पिछले चार दिनों से आईसीयू में थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि दवा और उपचार के बावजूद उनकी स्वास्थ्य स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

2003 में मिला था मुलायम की पत्नी का दर्जा

2003 तक साधना गुप्ता के बारे में बहुत कम लोग जानते थे। याद दिला दें कि इसी साल मुलायम सिंह यादव की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती यादव का निधन हो गया था। साधना गुप्ता को साल 2003 में ही मुलायम सिंह यादव की पत्नी का दर्जा मिला।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा संरक्षक की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मौर्य ने ट्विटर पर लिखा, ”पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला,प्रभू पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में जगह दे। आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दे! ॐ शांति शांति शांति”

 

यह भी पढ़ें:- बस्तर संभाग के जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

scroll to top