Close

जशपुर में मर्डर : बदमाशों ने भोजन कर रहे पति के सिर पर व पत्नी की कनपटी पर मारी गोली

जशपुर। जिले के दोकड़ा चौकी अंतर्गत जयमुंडा नवाटोली गांव में बदमाशों ने अज्ञात कारणों से पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार देर रात हुई घटना के समय पति-पत्नी घर पर भोजन कर रहे थे। घटना की सूचना पर चारों ओर पुलिस ने नाकेबंदी की, पर हत्यारों का कुछ पता नहीं चल पाया।

पुलिस के अनुसार बदमाश रात को दंपति के घर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात पर विवाद होने के बाद पहले पति के सिर पर गोली मारी गई। उसके बाद पत्नी की कनपटी पर फायर कर दिया गया। घटना में दोनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस को इसकी सूचना रविवार सुबह मिली। मौके पर पुलिस जांच में लगी हुई है।

दोकड़ा चौकी से मिली जानकारी अनुसार जयमुंडा नवाटोली गांव निवासी दंपति संदीप पन्ना और उसकी पत्नी द्रोपदी शनिवार देर रात 10.30 बजे भोजन कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग उनके घर पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बदमाश संदीप पन्ना से शराब की मांग कर रहे थे। संदीप ने शराब नहीं होने की बात कही तो उसके सिर पर गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों की संख्या दो से तीन थी।

घटना के दौरान गोली चली तो उसकी आवाज सुनकर उसकी पत्नी भागती हुई बाहर आई तो उसे भी बदमाशों ने पकड़कर उसकी कनपटी पर गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह पुलिस की टीम वहां पहुंची। पंचनामा के बाद शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं जांच के दौरान पुलिस को मौके से 9 मिमी का खाली कारतूस मिला है। पुलिस ने सूचना के बाद नाकेबंदी कर दी है। आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

मौके पर फोरेंसिक टीम भी जांच कर रही है। बदमाश कहां से आए थे। उनके पास पिस्टल कहां से आई इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में अलग अलग एंगल से जांच कर रही है। बदमाशों को लेकर पुलिस का कहना है कि वे आदतन अपराधी हो सकते हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

scroll to top