Close

छत्तीसगढ़ को मिली परिवहन सुविधा केंद्र की सौगात

रायपुर, छत्तीसगढ़ वासियों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने या अन्य परिवहन सम्बंधित काम के लिए अब आरटीओ के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी।  क्योंकि राज्य में अब क्षेत्रीय परिवहन सुविधा केंद्र खुलने शुरू हो गए हैं।  इससे लोगों को न केवल एजेंटो से छुटकारा मिलेगा, बल्कि घर के नजदीक ही परिवहन से संबंधित तमाम कार्य भी पूरे हो जाएंगे।

परिवहन विभाग के अधिकारियों की मानें तो छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जो परिवहन सुविधा केंद्र की शुरूआत कर रहा है।  राज्य में एक हजार केंद्र खोले जा रहे हैं।  अकेले रायपुर में 40 केंद्र खुल रहे हैं। करीब एक दर्जन जगहों पर इसकी शुरूआत भी हो गई है, जहां लोगों को इसका लाभ भी मिल रहा है।

क्या है परिवहन सुविधा केंद्र

लोगों को राहत देने के लिए परिवहन विभाग की ओर से क्षेत्रीय परिवहन सुविधा केंद्र खोलने की पहल की गई।  केंद्र के संचालक विजय मिश्रा बताते हैं कि, “लाइसेंस के लिए लोगों को बहुत ज्यादा भटकना पड़ता था, लेकिन सरकार ने अलग-अलग इलाकों के लिए परिवहन सुविधा केंद्र खोल दिया है, एक परिवहन सेवा के अंतर्गत 4-5 लोग काम करते हैं। पहले लोगों को लाइसेंस के लिए करीब 15 किमी दूर आरटीओ दफ्तर जाना होता था, जहां सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहते थे। जिसकी वजह से बहुत से लोग एजेंडों के चंगुल में फंस जाते थे, लेकिन क्षेत्रीय परिवहन सुविधा केंद्र के खुलने से लोगों को आसानी हो गई है। घर के आस-पास होने से अपने काम से फुर्सत मिलने पर लोग केंद्र में आकर लर्निंग के लिए अप्लाई कर सकते हैं, यहां तत्काल उनका लर्निंग लाइसेंस बनकर तैयार हो जाता है। ये लोगों के लिए बड़ी सुविधा है।  वर्तमान में हमें लर्निंग के लिए कहा गया है, साथ ही हमारे द्वारा नाम ट्रांसफर के लिए रसीद भी काटी जाती है।  भविष्य में अन्य सेवाएं भी यहां जल्द उपलब्ध होंगी।  हमारे यहां 5 स्टाफ है, जिन्हें केंद्र के माध्यम से रोजगार भी मिल रहा है।

रायपुर जिले में अकेले 30-40 केंद्र का अनुमोदन प्राप्त हुआ

रायपुर की एडिशनल आरटीओ योगेश्वरी वर्मा कहती हैं कि, “राज्य सरकार की ओर से परिवहन सुविधा केंद्र खोलने की घोषणा की गई थी। रायपुर जिले में अकेले 30-40 केंद्र का अनुमोदन प्राप्त हुआ था। इसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्र जिनकी आरटीओ कार्यालय से बहुत दूर पड़ती है. वहां पर परिवहन सुविधा केंद्र खुल गए हैं, जहां से आप लर्निंग लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं. लर्निंग लाइसेन्स की प्रक्रिया में आपका ऑन स्क्रीन टेस्ट होगा। सर्टिफिकेट भी ऑन द स्पॉट जारी किया जाएगा। इससे दो फायदा होगा, पहले इतनी दूर ट्रैवल करके आने की जरूरत नहीं होगा। गांव में अक्सर देखा जाता है कि लोगों के पास लाइसेंस नहीं होता। उन लोग अपना टाइम निकालकर यहां आते हैं। यदि नहीं बन पाता तो निराश होकर यहां से जाते हैं। उनके लिए यह बेनिफिट रहेगा, क्योंकि घर के आसपास खुलने से उनको फायदा होगा। साथ ही लोगों को भी इससे रोजगार मिलेगा। छत्तीसगढ़ परिवहन सुविधा केंद्र खोलने वाला पूरे देश में पहला राज्य है, जहां परिवहन सुविधा केंद्र खुल गए हैं। इसके माध्यम से बहुत से लोगों को रोजगार भी दिया जाएगा। यहां काम करने वालों के लिए बैंक गैरंटी की राशि एक लाख रुपये रखी गई है, लेकिन महिला, थर्ड जेंडर और हैंडीकैप्ड के साथ गरीबी रेखा वालों के लिए 25 हजार रुपए की बैंक गैरन्टी रखी गई है, ताकि उनको प्रोत्साहन मिले।”

 

यह भी पढ़ें:- मंत्री कवासी लखमा ने बस्तर से नई रेल सेवा शुरु करने की की मांग

One Comment
scroll to top