Close

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं छत्तीसगढ़, समर्थन में आए बसपा और जेसीसीजे के विधायक

रायपुर। तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ पहुंचीं हैं। एनडीए की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू को छत्तीसगढ़ में भाजपा के साथ बहुजन समाज पार्टी और जेसीसीजे का भी समर्थन मिला है। दोनों पार्टियों के विधायकों ने द्रोपदी मुर्मू के आगमन पर निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जहां उन्हें समर्थन व्यक्त किया।

तय कार्यक्रम के अनुसार होटल बेबीलोन में आयोजित द्रोपदी मुर्मू के स्वागत कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के विधायक केशव चंद्रा और इंदु बंजारे के अलावा जेसीसीजे के अध्यक्ष अमित जोगी और विधायक डॉ. रेणु जोगी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय सहित भाजपा नेताओं की उपस्थिति है।

इस दौरान इसके बाद जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी। इस बीच द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई थी। जहां एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ के पहले दौरे की तैयारियों व समर्थन पर चर्चा हुई थी।

बता दें कि छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस के पास 71 विधायक हैं। जहां भाजपा के पास 14, जबकि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के क्रमशः तीन और दो सदस्य हैं। वहीँ राज्य के 11 लोकसभा सांसदों में से नौ भाजपा के और दो कांग्रेस से हैं। राज्य से कांग्रेस के चार राज्यसभा सदस्य और भाजपा से एक सदस्य हैं।

इधर विपक्षी दलों ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। मुर्मू, झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अगर वह चुनाव जीत जाती हैं, तो राष्ट्रपति बनने वाली वह पहली आदिवासी महिला होंगी।

scroll to top