Close

प्रेसिडेंट इलेक्शन : चुनाव में जमकर क्रॉस वोटिंग, असम में 20 से ज्यादा कांग्रेस विधायकों ने पाला बदला!

नई दिल्ली। देश में 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। मतदान में कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक भागीदारी दे रहे हैं। चुनाव में राजग उम्मीदवाद द्रौपदी मुर्मू की जीत और इसके साथ ही देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहली बार आदिवासी महिला की ताजपोशी सुनिश्चित मानी जा रही है।

राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग होने की खबर सामने आई है। गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल एस जडेजा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्होंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।

27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों का समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.62 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला। वहीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी, शशि थरूर ने संसद पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।

हरभजन सिंह और गौतम गंभीर ने डाला वोट
आम आदमी पार्टी के सांसद हरभजन सिंह ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग की। इसके साथ ही भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने मतदान किया। दोनों ही नेता टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर चंडीगढ़ में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।

यूपी से सपा विधायक ने की क्रॉस वोटिंग
उत्तर प्रदेश में सपा के बरेली जिले के भोजीपुरा विधायक शहजील इस्लाम ने राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला।

ओडिशा कांग्रेस विधायक ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया
ओडिशा कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि मैं एक कांग्रेस विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।

विधायक का दावा- 20 से अधिक कांग्रेस विधायकों ने की ‘क्रॉस वोटिंग’
असम से AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने दावा करते हुए कहा है कि असम में कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के मुताबिक, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी, लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे।

सिर्फ जिला अध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा।

शिरोमणि अकाली दल के विधायक ने किया राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट
शिरोमणि अकाली दल बादल में बगावत हो गई है। हलका दाखा के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी हाईकमान पर गंभीर आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट कर दिया है।

पंजाब में गठबंधन टूटने के बावजूद अकाली दल बादल ने बीजेपी की राष्ट्रपति प्रत्याशी को वोट करने का फैसला किया था, लेकिन अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने पार्टी के फैसले को दरकिनार कर राष्ट्रपति चुनाव का बायकॉट कर दिया है | कुछ देर पहले लाइव होकर विधायक अयाली ने अपने इस फैसले की जानकारी दी।

दिल्ली सीएम केजरीवाल व गोवा सीएम ने डाला वोट
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100% वोटिंग होगी और हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू जी को ज्यादा से ज्यादा वोट मिलेंगे।

वोट डालने हेमा मालिनी पहुंचीं
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने संसद में राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद मनमोहन सिंह ने संसद में भारत के राष्ट्रपति पद के लिए हो रहे चुनाव में वोट डाला। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रपति चुनाव में अपना वोट दिया।

scroll to top