Close

परियोजनाओं का निरीक्षण कर कोल इण्डिया के चेयरमैन ने कहा डिस्पैच की गति बनाए रखें

बिलासपुर। चेयरमैन कोल इण्डिया प्रमोद अग्रवाल ने आज एसईसीएल की दो बड़ी मेगा परियोजनाओं का निरीक्षण किया। वे सुबह मुख्यालय बिलासपुर से गेवरा हाउस पहुंचे, जहां महाप्रबंधक व कोर टीम के साथ आरम्भिक चर्चा के बाद वे माईन का निरीक्षण करने पहुंचे। अग्रवाल ने माईन के अलग-अलग पैचों में चल रहे उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय ओबी निष्कासन का भी निरीक्षण किया। माईन में चर्चा के दौरान आमगांव, नराइबोध आदि गांवों से सटे खदान के विस्तार से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं चेयरमैन ने टीम के साथ जाकर वस्तुस्थिति का अवलोकन किया।

व्यू प्वाइंट में गतिविधियों का जायज़ा
गेवरा परियोजना के निरीक्षण के बाद कोल इण्डिया चेयरमैन दीपका व्यू प्वाइंट पहुंचे, जहां खदान की गतिविधियों का जायज़ा लिया। उन्होंने खदान के विस्तार से जुड़े आमगांव, सुआभोंडी, मलगांव आदि गांवों की ओर परियोजना के विस्तार से सम्बंधित बिंदुओं का भी अवलोकन किया।

प्राथमिकता के आधार पर हो डिस्पैच
चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने पॉवर सेक्टर को प्राथमिकता के आधार पर कोयला डिस्पैच करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने सीपत एनटीपीसी संयंत्र को हो रही आपूर्ति की भी जानकारी ली।

अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने में हमारा भी दायित्व
अग्रवाल ने मेगा परियोजनाओं के कार्य निष्पादन पर चर्चा करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं कोल इण्डिया हीं नहीं बल्कि देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में कोयले की क़ीमतों में वृद्धि के मद्देनज़र हम सबका यह दायित्व है कि अधिकाधिक उत्पादन कर देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाएं।

राज्य शासन के साथ समन्वय बैठक
दोनों मेगा परियोजनाओं के निरीक्षण के उपरांत गेवरा हाउस में भोजन साह
चर्चा का कार्यक्रम हुआ। उसके बाद अग्रवाल राज्य शासन के साथ आयोजित समन्वय बैठक के लिए बिलासपुर रवाना हुए।

निरीक्षण में ये रहे शामिल
चेयरमैन कोल इण्डिया के साथ दौरे में सीएमडी एसईसीएल डॉ. प्रेम सागर मिश्रा, निदेशक तकनीकी संचालन मनोज कुमार प्रसाद, निदेशक तकनीकी योजना परियोजना एसके पाल, एरिया महाप्रबंधक एसके मोहंती, एरिया कोर टीम के अधिकारी रंजन प्रसाद साह आदि उपस्थित थे।

scroll to top