Close

प्रेसिडेंट इलेक्शन Results : दूसरे दौर की मतगणना में भी द्रौपदी मुर्मू जीत के बेहद करीब

नई दिल्ली। देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। नतीजे शाम तक आ जाएंगे। मतगणना का कार्य उसी कमरा नंबर 63 में हो रहा है जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम में बदल कर मतपेटियां रखी गई हैं। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है।

इधर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को राजनीतिक दलों से पार्टी लाइन से उठकर भारी समर्थन मिला है। मुझे विश्वास है कि उनका कार्यकाल बेहद सफल रहेगा।

द्रौपदी मुर्मू को अब तक 1349 वोट मिले
राज्यसभा महासचिव ने कहा-अब तक कुल 1,886 वैध मतों का मूल्य 6,73,175 है, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 1,349 मत मिले जिनका मूल्य 4,83,299 है। यशवंत सिन्हा को अब तक कुल 537 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,89,876 है।

दूसरे दौर में 10 राज्यों के मतों की गिनती
दूसरे दौर में पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम में गिनती की गई। कुल वैध मत 1138 और उनका कुल मूल्य 1,49,575 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,05,299 है। यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनकी कीमत 44,276 है। राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने यह जानकारी दी।

समर्थकों ने किया आदिवासी नृत्य
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानकर लोक कलाकार दिल्ली में मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड पर आदिवासी नृत्य कर रहे हैं। पहले दौर की मतगणना की समाप्ति के बाद मुर्मू विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पर भारी बढ़त बनाए हुए हैं।

पैतृक गांव में उत्साह का माहौल
द्रौपदी मुर्मू के गांव में उत्साह का माहौल है। लोग तिरंगा लिए अभी से जश्न मना रहे हैं। पहले दौर में मुर्मू को भारी बढ़त मिली है और उनकी जीत तय मानी जा रही है।

पीएम मोदी कल देंगे रामनाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज
पीएम नरेंद्र मोदी कल शाम 5:30 बजे से दिल्ली के होटल अशोका में निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।

पहली बार लोकतंत्र का सही अर्थ सामने आ रहा
समाज के वंचित वर्ग, आदिवासियों, महिलाओं और पूर्वी भारत में अपार खुशी है कि पहली बार लोकतंत्र का सही अर्थ सामने आ रहा है। ऐसी पृष्ठभूमि का नेता देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचेगा।

यह लोकतंत्र के लिए एक उपलब्धि है: धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोक कलाकारों के साथ आदिवासी नृत्य करते दिखाई दिए। पहले दौर की मतगणना की समाप्ति के बाद एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आगे चल रही हैं। प्रधान ने कहा यह लोकतंत्र के लिए एक उपलब्धि है।

चल रही विधायकों के वोटों की गिनती
विधायकों के वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए हैं।

यशवंत सिन्हा से काफी आगे निकलीं मुर्मू
राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो गई है। द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे। राज्य सभा के महासचिव ने इसकी जानकारी दी है।

scroll to top