Close

पेगासस जासूसी कांड पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने घेरा राजभवन

पेगासस जासूसी कांड को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने गुरुवार को राजभवन का घेराव किया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  मोहन मरकाम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने और सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में पेगासस जासूसी कांड की न्यायिक जांच की मांग रखी गई है। इससे पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष   मोहन मरकाम की अगुवाई में नेता और कार्यकर्ता केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारे लगाते हुए राजीव भवन से निकले। भाजपा को देशद्रोही कहा और सरकार पर नागरिकों के अधिकारों पर हमला करने का आरोप लगाया। करीब 45 मिनट पैदल मार्च करते प्रदर्शनकारी राजभवन के पास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने साक्षरता चौक के पास बैरिकेड लगाकर रोक लिया। इसके चलते कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच संघर्ष की स्थिति बन गई। हालांकि, बाद में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने राजभवन के भीतर गया।

प्रतिनिधिमंडल में  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, मंत्री कवासी लखमा, विधायक धनेन्द्र साहू, विधायक सत्यनारायण शर्मा, कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, उपाध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष, प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, विधायक कुलदीप जुनेजा, विधायक विकास उपाध्याय, विधायक लक्ष्मी ध्रुव, विधायक अनिता शर्मा, विधायक हरीश कंवर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णचंद पाढ़ी, रायपुर महापौर एजाज ढेबर आदि शामिल थे।

राजनीतिक उद्देश्य से पेगासस का दुरुपयोग किया गया

राजभवन के बाहर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा मंत्रियों, संविधानिक पदों पर आसीन अधिकारियों, सुरक्षाबलों के प्रमुखों, विपक्ष के नेताओं और पत्रकारों-वकीलों के सेलफोन को हैक कर जासूसी का खुलासा हुआ है। यह बेहद निंदनीय है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने का आग्रह किया है। संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा, जिस तरह से राजनीतिक उद्देश्यों से पेगासस का दुरुपयोग किया गया, उसके खिलाफ यह प्रदर्शन था।

राजभवन के बाहर कांग्रेस ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने गीतों के जरिए केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। गीत गाए गए – जासूसी करके जो जीत गया, जनता की नजरों से वो गिर गया।

दो दिन पहले बनी थी आंदोलन की रूपरेखा

पेगासस जासूसी कांड से प्रभावितों की सूची में देश भर के तमाम नाम आने के बाद कांग्रेस ने इस तरह के आंदोलन की रूपरेखा तैयार की थी। दूसरी सूची में राहुल गांधी का नाम आया तो यह प्रक्रिया तेज हुई। प्रदर्शन की वजह से साक्षरता चौक से गांधी उद्यान चौक तक का पूरा रास्ता करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहा। यातायात की रफ्तार यहां बेहद धीमा हो गया था।

 

 

 

 

One Comment
scroll to top