Close

विधानसभा घेराव करने निकले भाजपा नेताओं को पुलिस ने रोका

भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव किया। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, भाजपा जिला और प्रदेश संगठन स्तर के तमाम नेता शामिल हुए। बड़ी तादाद में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी सड़क पर सियासी हंगामा करते दिखे।

12 फीट ऊंचे बैरिकेड को भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया

मंगलवार की दोपहर सभी कार्यकर्ता और नेता पंडरी मेन रोड के पास जीवन बीमा कार्यालय के करीब जमा हुए। ये सभी प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर विरोध जताने विधानसभा घेराव करने निकले थे। पुलिस ने पहले से ही कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही भाजपा के नेता विधानसभा का घेराव करने आगे बढ़े। पुलिस के साथ झूमाझटकी शुरू हो गई। धक्का-मुक्की करते हुए नेता आगे बढ़े। 12 फीट ऊंचे बैरिकेड को भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया, बैरिकेड पर जा चढ़े।

सड़क पर विधायक बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व मंत्री राजेश मूणत भी नारेबाजी कर रहे थे। समर्थकों के साथ मौजूद इन नेताओं ने विधानसभा की तरफ कदम बढ़ाए तो पुलिस ने रोका। कुछ देर बाद राजेश मूणत सड़क पर बैठ गए। इनके साथ समर्थक भी सड़क पर बैठकर धरना देने लगे। पुलिस के समझाने के बाद भी ना तो समर्थक उठने को राजी हुए ना ही राजेश मूणत।

500 कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने राजेश मूणत समर्थकों को बस में ठूंसना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता उठने को राजी नहीं थे तो हाथ पांव पकड़कर पुलिस इन्हें उठा ले गई। कुछ देर बाद पुलिस के अफसर मूणत के पास भी पहुंचे, उनसे सड़क से उठने का आग्रह किया। मूणत ने हाथ जोड़कर सड़क से हटने पर मना कर दिया। फौरन बाद अफसरों ने मूणत को भी हाथ और पैर पकड़ कर उठा लिया, मूणत चिल्लाते रहे और पुलिस उन्हें उठाकर बस में ले गई। करीब 1 घंटे तक चले जबरदस्त हंगामे के बाद पुलिस ने बृजमोहन अग्रवाल समेत भाजपा के 500 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।

विधानसभा में भी हंगामा

सड़क पर चल रहे विरोध प्रदर्शन की वजह से सदन में हंगामा हुआ। भाजपा के विधायकों ने विरोध प्रदर्शन पर पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ हंगामा किया। भाजपा का दावा है कि रायपुर में बेलगाम अपराध और बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ ये प्रदर्शन किया गया। भाजपा का दावा है कि जुलाई महीने में ही रायपुर में 853 मामले दर्ज हुए हैं। इसमें हत्या के सात, दुष्कर्म के 26 और अपहरण के 56 मामले हैं। छुरेबाजी में तो रायपुर नाबालिगों की प्रशिक्षण शाला बन गई है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान शिवजलम दुबे, कपिल यादव, संतोष तिवारी, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अमित साहू, राष्ट्रीय कार्यसमिती सदस्य गुंजन प्रजापति,अनूप खेलकर, हरीश ठाकुर,राहुल यादव, आकाश तिवारी, आशीष आहूजा ने बैरिकेड पर चढ़कर नारेबाजी की।

 

यह भी पढ़ें:- द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर ग्राम सिंघनपुर में उत्सव

scroll to top