Close

नदी-नाले उफान पर, अनियंत्रित तेज रफ्तार यात्री बस नदी में गिरी

जशपुर। बारिश का समय है। नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में वाहन चलाते समय थोड़ी सी भी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसा ही एक मामला जशपुर जिले से सामने आया है। एक तेज अनियंत्रित यात्री बस नदी में गिर गई।

पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर के मामले में नदी में पानी ज्यादा होने से आधी बस पानी में डूब गई। बस के डूबने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस रायगढ़ से सवारी लेकर पत्थलगांव आ रही थी। इसी बीच ग्राम शिवपुर व मुड़ागांव के बीच बस अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। बस नदी में गिरने से करीब आधी डूब गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला। हालांकि इस हादसे में किसी भी तरह की जान हानि नहीं हुई है।

बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रायपुर समेत प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही मानसून द्रोणिका के प्रभाव से उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा के आसार हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में आने वाले दो दिनों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी वर्षा की संभावना है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार मानसून द्रोणिका हल्दी, अजमेर और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका रायल सीमा, मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही उत्तरी और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा हो सकती है।

scroll to top