Close

दोहरी मार: भारी नगद के साथ पकड़े गए तीन कांग्रेसी विधायकों को पार्टी से किया निलंबित, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रांची। बंगाल के हावड़ा में शनिवार को झारखंड कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल के पास भारी भरकम नगद मिला था। अब उन पर दोहरी मार पड़ी है। इधर कांग्रेस पार्टी ने तीनों विधायकों को निलंबित कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने भी उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

झारखंड कांग्रेस के महासचिव और प्रभारी अविनाश पांडे ने बताया कि पार्टी ने तीनों विधायकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वहीं निलंबन के कुछ देर बाद ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पांचों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि बीते शनिवार को कांग्रेस के तीन विधायक जामताड़ा से इरफान अंसारी, खिजरी से राजेश कच्छप और कोलेबिरा से नमन बिक्सल को भारी कैश के साथ पकड़ा था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इनकी गाड़ी से करीब 48 लाख रुपए बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने खुफिया सूचना मिलने के बाद चेकिंग के लिए गाड़ी रोकी थी। कैश की गिनती के लिए काउंटिंग मशीन भी मंगाई गई थी।

‘ऑपरेशन लोटस’ चला रही भाजपा: जयराम
वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ”झारखंड में भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ आज रात हावड़ा में बेनकाब हो गया। दिल्ली में ‘हम दो’ का गेम प्लान झारखंड में वही करने का है, जो उन्होंने महाराष्ट्र में ई-डी (एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस) की जोड़ी से करवाया।’’

झारखंड में भी सरकार को अस्थिर करने की साजिश
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने आगे कहा कि सभी ने देखा कि कैसे सरकारों को गिराने का केंद्र बिंदु अब असम बन गया है। 15 दिनों तक ड्रामा हुआ और आखिरकार महाराष्ट्र सरकार गिरा दी गई। यह इस ओर इंगित करता है कि झारखंड में भी सरकार को अस्थिर करने की साजिश हो रही है। आने वाले समय में सारी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।

घटना दुखद है, पार्टी आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे
मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घटना दुखद है और राज्य इकाई इस मामले में पार्टी आलाकमान को रिपोर्ट सौपेंगी। जांच पूरी होने तक इस बारे में बात करना उचित नहीं होगा, लेकिन देश की स्थिति को देखते हुए गिरफ्तार विधायक मामले को बेहतर ढंग से समझा सकते हैं। हालांकि, घटना दुखद है। हम अपने आलाकमान को एक रिपोर्ट सौंपेंगे। इस साजिश में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

scroll to top