Close

कांग्रेस को बचाने के लिए त्रिपुरा जाएंगे सिंहदेव

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव रविवार की शाम को पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के दो दिन की यात्रा पर रवाना हुए । त्रिपुरा में कांग्रेस पर दलबदल का संकट गहरा रहा है। ऐसे में एआईसीसी ने सिंहदेव को इसके समाधान के लिए वहां जाने के लिए कहा है। सिंहदेव त्रिपुरा कांग्रेस की प्रभारी हैं।

2023 में त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होना है। दशकों तक वाम राजनीति के गढ़ रहे त्रिपुरा में भाजपा की सरकार है। विधानसभा में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। हालांकि, आदिवासी क्षेत्रों में कांग्रेस का आधार है। अभी ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस त्रिपुरा में सक्रिय हुई है। कहा जा रहा है कि मुकुल राय को त्रिपुरा अभियान का प्रभारी बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया, ‘भाजपा और टीएमसी कांग्रेस के लोगों को तोड़ने की कोशिश रहे हैं।’

सिंहदेव रविवार रात कोलकाता में रुकेंगे। वे यहां स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। उनके साथ अविनाश पाण्डेय भी त्रिपुरा जा रहे हैं। सोमवार सुबह सिंहदेव अगरतला जाएंगे। वहां प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक होगी। वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्ताओं से अलग-अलग भी चर्चा होगी। सोमवार रात में वे अगरतला में ही रुकेंगे। मंगलवार की सुबह वे दिल्ली पहुंचेंगे। वहां भी पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे।

बृहस्पत कांड के बाद पहला दिल्ली दौरा

कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के लगाए आरोपों के बाद सिंहदेव का यह पहला दिल्ली दौरा हो रहा है। इसको लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में भी काफी चर्चा है। विवाद के दौरान सिंहदेव ने इस बात से इनकार किया था कि वे हाईकमान के संपर्क में हैं। उन्होंने केवल प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से बातचीत होने की बात कही थी। अब जब सिंहदेव मंगलवार को खुद दिल्ली में होंगे तो प्रदेश की राजनीतिक धड़कन बढ़ी रहेंगी।

महंत भी जा रहे हैं दिल्ली

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत भी सोमवार को दिल्ली जा रहे हैं। इस दौरे को पारिवारिक बताया जा रहा है। बताया गया, संसद का मानसून सत्र चल रहा है कोरबा सांसद और महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत दिल्ली में ही हैं। महंत विधानसभा के मानसून सत्र की वजह से दिल्ली नहीं जा पाए थे। अब सत्र खत्म हो जाने के बाद वे दिल्ली जाएंगे। हालांकि, इस दौरे में भी राजनीतिक मुलाकातें होंगी।

 

 

यह भी पढ़ें- कोरोना संकट अभी भी बरकरार, 6 दिनों से रोजाना आ रहे 40 हजार से ज्यादा मामले

scroll to top