Close

बीजेपी का मिशन 2023: पदाधिकारियों की बैठक में महामंत्री अजय जामवाल ने किया कार्यकर्ताओं को रिचार्ज

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी मिशन 2023 के लक्ष्य को लेकर तैयारी में लग गई है। इसी के तहत प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में मिशन को लेकर गहन चर्चा की गई। अनेक विचार रखे गए।

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री अजय जामवाल का प्रदेश प्रभारियों से परिचय कराया गया। उसके बाद उन्होंने पदाधिकारियों की बैठक ली।

बैठक के बाद पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि 2023 में भूपेश बघेल सरकार जिससे पूरा छत्तीसगढ़ परेशान है, उसको उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की गतिविधियों को बढ़ाने, और इसकी मॉनिटरिंग करने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

इस दौरान बृजमोहन ने कहा कि अजय जामवाल पूरे समय यहां उपस्थित रहेंगे। किसी को किसी प्रकार की कोई तकलीफ है तो उनसे आकर मिल सकता है। इससे कार्यकर्ताओं में एक विश्वास की भावना पैदा होगी और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से काम करेंगे।

अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भूपेश सरकार लोगों को गुमराह करने वाली सरकार है। सीबीआई की जांच को बैन करने वाली सरकार, विकास विरोधी सरकार, भ्रष्टाचार को संरक्षण देने वाली सरकार, एटीएम की सरकार है। आने वाले समय में हम इन्हीं सारे मुद्दों को जनता के बीच ले जाएंगे।

बृजमोहन ने 2023 में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने नॉर्थ ईस्ट के क्षेत्रों में उन्होंने कमल का झंडा फहराया है, तो छत्तीसगढ़ तो भारतीय जनता पार्टी का जनाधार वाला क्षेत्र है। यहां तो उनके मार्गदर्शन में बीजेपी का झंडा पूरे देश मे फहरा है, छत्तीसगढ़ में भी फहरेगा।

बता दें कि नए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में 2023 की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद बस्तर संभाग के सुकमा जिले में अज्ञात बीमारी से गांव में 60 लोगों की मृत्यु होना बताया गया। जहां 25 लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। इतना ही नहीं करोड़ों रुपए आदिवासी तेंदूपत्ता संग्राहक लोगों का बकाया है। वह पिछले 3 माह से ठेकेदारों और वन विभाग के अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। उनकी वास्तविक स्थिति का आंकलन करने के लिए जामवाल के निर्देश पर भाजपा सरकार में मंत्री रहे पूर्व मंत्री केदार कश्यप और पूर्व मंत्री लता उसेंडी 4 अगस्त को सुकमा जिले के दौरे पर जाएंगे।

scroll to top