Close

भूपेश बघेल ने मंत्रियों के साथ गोधन और कृषि यंत्रों की पूजा की

छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा का पहला त्यौहार हरेली रविवार  पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रायपुर के मुख्यमंत्री निवास में  हरेली का उत्साह छाया रहा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परिवार और मंत्रियों के साथ लोक देवता, तुलसी, गोधन और कृषि यंत्रों की पूजा की। गायों-बैलों को गुड़ और पारंपरिक पकवान खिलाए। गेंडी और रहचुल चढ़ने के साथ गिल्ली-डंडे के खेल में भी अपने हाथ दिखाए।

हरेली पर मुख्यमंत्री निवास के एक हिस्से को गांवों की तरह सजाया गया है। वहां प्रदेश भर से लोक कलाकार आए। हालांकि, कोरोना प्रतिबंधों की वजह से कार्यक्रम को सबके लिए नहीं खोला गया था। चुनिंदा कलाकारों, मेहमानों और मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों की मौजूदगी में हरेली का उत्सव शुरू हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और परिवार के साथ लोक देवता, तुलसी, गणेश और गोधन की पूजा की। उसके बाद कृषि यंत्रों की पूजा की गई।

इस दौरान लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी। पूजा पाठ के बाद मुख्यमंत्री कलाकारों के बीच पहुंचे। वहां उन्हें पारंपरिक परिधान पहनाए गए। मुख्यमंत्री, बांस से बन गेंडी पर चढ़े और पर्व से जुड़ी परंपराओं का पालन किया। बाद में उन्होंने गिल्ली-डंडा खेला और रहचुल पर बैठे। उनके साथ मंत्री मोहम्मद अकबर, शिव डहरिया और डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम भी रहचुल पर बैठे।

छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति में हरेली सबसे बड़ा लोकपर्व है। यह फसली सीजन का पहला त्यौहार है। मान्यता है कि इस दिन तक धान की बुवाई का काम पूरा हो चुका होता है। ऐसे में किसान अपने कृषि यंत्रों को धुलकर उनकी पूजा आदि कर रख देता है। गायों-बैलों को नहला-धुलाकर पूजा की जाती है। उनकी सेवाओं के धन्यवाद स्वरूप उन्हें विशेष भोजन दिया जाता है। पारंपरिक खेलों का आयोजन होता है।

दिसम्बर 2018 में कांग्रेस की सरकार आने के बाद सीएम हाउस का माहौल बदला है। जुलाई 2019 में सरकार ने हरेली, तीजा-पोरा, कर्मा जयंती और विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया। अगस्त 2019 में हरेली का त्यौहार पहली बार सीएम हाउस में मनाया गया। तब से यह परंपरा जारी है। पिछली बार भी कोरोना के साए में हरेली मनाया गया था।

 

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री ने जारी की किसान सम्मान निधि योजना 2021 की दूसरी किस्त, पैसे पहुंचे या नहीं ऐसे चेक करें अपना खाता

One Comment
scroll to top