Close

BSF जवानों ने निकाली तिरंगा यात्रा, ग्रामीणों के घर पर लगाया राष्ट्रध्वज

कांकेर,  जिले के पखांजूर में BSF की 132वीं बटालियन ने तिरंगा यात्रा निकाली। यहां बांदे स्थित BSF की पुरोहित कैंप ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और ग्रामीण युवाओं ने भाग लिया। तिरंगा थामे बीएसएफ के इन जवानों को देख सभी में उत्साह भर गया।

धनंजय मिश्रा के नेतृत्व निकले जवान

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को BSF कमांडेंट धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में तिरंगा लेकर जवान निकले। उन्होंने आसपास के गांवों में घूम-घूमकर गांववालों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जानकारी दी। जवानों ने ग्रामीणों के घरों पर तिरंगा लगाया और इसके महत्व के बारे में भी बताया। कमांडेंट धनंजय मिश्रा ने बताया कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमें गर्व से जीना सिखाती है। इसकी आन-बान और शान के लिए कुर्बान हो जाने का जज्बा हर भारतीय में होना चाहिए। वहीं तिरंगा यात्रा को लेकर ग्रामीण इलाकों में उत्साह देखा गया। द्वितीय कमान अधिकारी गुरदीप संधू, सीएमओ डॉ रोहित कुमार, डीसी बीएम जोशी, डीसी नीरज कुमार, एसी गिरीश कुमार बाइक रैली में शामिल रहे। तिरंगा यात्रा से पहले स्कूली छात्राओं ने जवानों की कलाई पर राखी भी बांधी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से की तिरंगा लहराने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की है। पिछले महीने की 22 जुलाई को उन्होंने ट्वीट किया था कि ‘इस साल जब हम ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं, तो आइए ‘हर घर तिरंगा’ आंदोलन को मजबूत करें। 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच अपने घरों में तिरंगा फहराएं। यह मुहिम राष्ट्रध्वज के साथ अपने जुड़ाव को गहरा करेगी।’ 22 जुलाई 1947 को ही तिरंगे को राष्ट्रध्वज के रूप में अपनाया गया था।

 

यह भी पढ़ें:- मैट्स विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस सम्पन्न

scroll to top