Close

CRPF की सब्जी वाहन में माओवादियों ने लगाई आग

CRPF

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक बार फिर जमकर उत्पात मचाया है। CRPF की सब्जी वाहन को आग के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, इस वारदात की अब तक अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। मामला जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के नक्सल प्रभावित इलाके मोक्कुर में स्थित CRPF कैंप के लिए एक पिकअप वाहन में सब्जियां भेजी गई थी। माओवादियों को इस बात की जानकारी मिली तो सारकेगुड़ा के CRPF कैंप से 2 किमी पहले बीच जंगल में घात लगाकर बैठ गए। रविवार की शाम जब पिकअप वाहन पहुंची तो माओवादियों ने वाहन को रुकवाया।

फिर वाहन चालक को बाहर निकाल कर वाहन में आग लगा दी। करीब 10 से 15 माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, चालक को धमकी भी दी गई है कि वो कैंप के लिए सामान न छोड़ें। फिलहाल इस मामले के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राशन वाहन में भी लगाई थी आग

दरअसल, करीब डेढ़ महीने पहले माओवादियों ने इसी जगह पर CRPF के राशन वाहन में भी आग लगा दी थी। इस वारदात में कैंप का पूरा राशन जल गया था। उस समय भी करीब 10 से 15 की संख्या में पहुंचे माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया था। डेढ़ महीने के अंदर CRPF के सामान को नुकसान पहुंचाने की यह दूसरी वारदात है।

 

यह भी पढ़े:- ओणम् त्याग के प्रतीक का पर्व: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल

5 Comments
scroll to top