Close

पाकिस्तान में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश: 2 पायलट समेत 6 अफसरों की मौत, दो महीने में दूसरी घटना

पाकिस्तान में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के बलूचिस्तान में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में पाकिस्तानी सेना के दो मेजर समेत छह जवानों की मौत हो गई है। यह घटना कल देर रात हरनाई जिले के खोस्त शहर के पास हुई। हेलीकॉप्टर में दो पायलट भी सवार थे, जो अपनी जान बचाने में कामयाब हुए।

हादसे में मरने वालों में दोनों मेजर की पहचान 39 वर्षीय मेजर खुर्रम शहजाद और 30 साल के मेजर मुहम्मद मुनीब अफजल के रूप में हुई है। इसके अलावा 44 वर्षीय सूबेदार अब्दुल वाहिद, 27 वर्षीय सिपाही मुहम्मद इमरान खान, 30 वर्षीय नायक जलील और 35 वर्षीय सिपाही शोएब मृतकों में शामिल हैं।

इससे पहले अगस्त में भी एक पाकिस्तानी सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस हादसे में भी सेना के छह जवानों की मौत हुई थी। जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरते-भरते यह हेलीकॉप्टर अचानक से लापता हो गया था। एक दिन बाद यह मूसा गोथ, विंडार, लासबेला में मिला था। यह शाम करीब साढ़े पांच बजे क्वेटा से कराची जाते समय लापता हो गया था।

पाकिस्तान PM ने घटना पर जताया शोक

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया- बलूचिस्तान में हुई घटना से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक इन्साफ (PTI) के सीनियर पॉलिटिशियन फवाद चौधरी ने प्लेन क्रैश होने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट में कहा – हेलिकॉप्टर की उड़ान खतरनाक होते जा रही हैं। हमें इंजीनियरिंग डिफेक्ट ढूंढने की जरूरत है।

अगस्त में भी मरे थे 6 आर्मी अफसर

पिछले महीने बलूचिस्तान में हेलिकॉप्टर क्रैश की घटना हुई थी। बलूचिस्तान में बाढ़ राहत कार्यों में लगे पाकिस्तानी सेना के हेलिकॉप्टर का ATC से संपर्क टूट गया था। हादसे के बाद 6 पाकिस्तानी अफसरों के शव बरामद किए गए थे। इनमें लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली भी मारे गए थे। उस समय पाकिस्तानी सेना ने क्रैश की वजह खराब मौसम बताई थी।

 

यह भी पढ़े:-PFI पर छापों के विरोध में केरल बंद, कई शहरों में तोड़फोड़, BJP दफ्तर को बनाया निशाना

scroll to top