Close

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू बोले- भाजपा जो 15 साल में नहीं कर सकी, हमने डेढ़ साल में किया, प्रदेश में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त

छत्तीसगढ़ में सब ठीक है, ऐसा प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का कहना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त है। पुलिस बहुत बढ़िया काम कर रही है। भाजपा ने जो 15 साल में नहीं किया, वह हमारी सरकार ने डेढ़ साल में कर के दिखाया है। गृह मंत्री साहू भाजपा के कानून व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवाल और विरोध-प्रदर्शन को लेकर जवाब दे रहे थे।

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कोंडागांव मामले में 7 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। साथ ही थाना प्रभारी को भी निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय नशे का कारोबार खूब फला फूला। जो अभी सख्ती की जा रही है, अगर पहले होती तो राज्य में नशे का कारोबार पनपता ही नहीं।

गृह मंत्री साहू ने कहा, नक्सली इलाकों के लिए ‘विश्वास, विकास, सुरक्षा’ को मुख्यमंत्री ने सूत्र वाक्य के रूप में अपनाया है। पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सली समर्पण कर रहे हैं। दंतेवाड़ा पुलिस ने नक्सलियों को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए विशेष योजना ‘लोन वरार्टू’ चालाई है। स्कूल, सड़क, बिजली के मूलभूत कार्य कराए जा रहे। इसके चलते नक्सल घटनाओं में 47 प्रतिशत की कमी आई है।

scroll to top