Close

गांजा तस्करी पर भूपेश बघेल ने ओडिशा और मध्यप्रदेश सरकार पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव में शुक्रवार को दुर्गापूजा विसर्जन के दौरान जुलूस में कार घुसने के मामले पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ओडिशा और मध्यप्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। बघेल ने ओडिशा सरकार को गांजा उत्पादन पर सख्ती बरतने की सलाह दी है।उन्होंने  कहा कि अक्सर यह देखा गया है कि वह महासमुंद हो, बस्तर हो, चाहे रायगढ़ के क्षेत्र में हों, लगातार गांजा तस्कर ओडिशा से आ रहे हैं। ओडिशा सरकार को इस मामले में सख्ती बरतनी चाहिए। आखिर इतना गांजा कहां से आ रहा है?

मुख्यमंत्री ने हादसे को लेकर मध्यप्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। भूपेश बघेल ने कहा, यह जो गाड़ी है वह मध्य प्रदेश की है। जो गांजा तस्कर हैं वह मध्य प्रदेश के हैं। गाड़ी ओडिशा से आ रही थी और मध्य प्रदेश जा रही थी। उन्होंने कहा, गांजा तस्कर मध्य प्रदेश के हैं। क्या इस प्रकार के और लोग वहां हैं, जो रैकेट में काम करते हैं। मध्य प्रदेश सरकार को भी इसका संज्ञान लेना चाहिए।

दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से लौटकर रायपुर आने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस से बात की। जशपुर हादसे से जुड़े सवालों पर उन्होंने ओडिशा और मध्यप्रदेश सरकार को ये सलाह दी। वहीं, दिल्ली रवाना होते समय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान पर भी पलटवार किया था। उन्होंने कहा था, योगी आदित्यनाथ अपने राज्य के अपराधियों को तो पकड़ नहीं पाए थे। ऊपर से उन्हें बचाने में पूरी पुलिस लगी हुई थी। क्योंकि गृहमंत्री का लड़का था। अपराधियों के घर पर समन चस्पा किया जाता रहा।

भाजपा ने की है आंदोलन की घोषणा

जशपुर हादसे के बाद भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक नारायण चंदेल ने बताया, रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। शाम 4 बजे पूरे प्रदेश में भाजपा के सभी मंडलों में भाजयुमो कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला जलाएंगे। 18 अक्टूबर को भाजपा के ज़िला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस हाेगी। उस दिन शाम 6 बजे भाजपा महिला मोर्चा व भाजयुमो सभी जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च निकालेगी।

मुख्यमंत्री बोले-कार्रवाई हो चुकी तो आंदोलन किस बात का

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के आंदोलन को बेवजह बताया है। उन्होंने कहा, धरना करना चाहिए मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ, क्योंकि गांजा तस्कर तो वहां के हैं। उस रैकेट का भंडाफोड़ हो यह मांग उनको करना चाहिए। जहां तक छत्तीसगढ़ सरकार की बात है, तो आरोपी पकड़े गए हैं। जो जिम्मेदार अधिकारी हैं, उनमें से टीआई को हटा दिया गया है। एएसआई को निलंबित किया गया है। जांच जारी है, और तथ्य सामने आएंगे तो उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। मुआवजे की घोषणा कर दी गई है। सरकार की ओर से की जाने वाली कार्रवाई कर ली गई है तो भाजपा और क्या चाहती है। यह आंदोलन किस बात का।

 

 

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के छोटे शहरों-कस्बों में शुरू होंगे मोबाइल अस्पताल

One Comment
scroll to top