Close

सहकारिता मंत्री ने किया माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना में गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ

सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने प्रदेश के सुरजपुर जिले के विकासखण्ड प्रतापपुर के ग्राम केरता स्थित मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना में विधिवत पूजा-पाठ कर गन्ना पेराई सत्र 2022-23 का शुभारंभ किया।

मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस अवसर पर किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसानों के हित में सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को लाभान्वित करने बोनस राशि देना स्वीकृत किया है। यहां के गन्ना उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि मिलेगी। इससे कारखाने में अच्छा गन्ना आएगा, पेराई होगी, शक्कर बनेगा और इसका लाभ किसानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वैकल्पिक कृषि को अपनाने की आवश्यकता है। शक्कर कारखाना में गन्ना की आपूर्ति के लिए किसान बड़ी संख्या में अपने खेत में इसका उत्पाद कर लाभ उठा सकते हैं।

मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि कारखाना स्थापना से क्षेत्र के गन्ना उत्पादक कृषकों के जीवन स्तर में सुधार आया है। पेराई सत्र एवं मरम्मत कार्य के दौरान प्रति दिवस आस-पास के गांवों के लगभग 300-400 मजदूरों, बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। कारखाने में 20 केएलपीडी ईथेनॉल प्लांट स्थापना के लिए पुणे की बसंत दादा शर्करा संस्थान से डीपीआर तैयार कराया जा चुका है। राज्य शासन से इसका प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है, जिससे संस्था को अतिरिक्त आय होगी। उन्होंने कहा कि कारखाने में 6 मेगावाट टरबाइन स्थापित है, जिसमें से 3.5 से 4 मेगावाट का पेराई सीजन के दौरान विद्युत का उपयोग किया जाता है। शेष 2 से 2.5 मेगावाट विद्युत विक्रय के लिए आवश्यक एग्जिट इन्फ्रास्ट्रक्चर के अंतर्गत स्विचयार्ड, सिंक्रोनाइजेशन पैनल का निर्माण का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में यह कार्य प्रारंभ हो जाएगा। कारखाने में 20 हजार मीट्रिक टन का नवीन स्थायी शक्कर गोदाम निर्माण एवं 5 हजार मीट्रिक टन मोलासिस टैंक निर्माण किया जा रहा है। शक्कर गोदाम का निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत और मोलासिस टैंक निर्माण कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष का पेराई सीजन सभी के सहयोग से अनवरत एवं बहुत अच्छे से संपादित हो। उन्होंने सभी गन्ना उत्पादक किसानों एवं कारखाने से संबद्ध समस्त इंजीनियर तथा कर्मचारी साथियों को शुभकामनाएं दी।

गन्ना पेराई सत्र 2022-23 में जिला सरगुजा, सूरजपुर एवं बलरामपुर के 16 विकाखखण्डों से गन्ना रकबा 10,958.782 हेक्टेयर से 17,240 पंजीकृत कृषकों को 4 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई करने का लक्ष्य रखा गया है। भारत सरकार द्वारा इस वर्ष गन्ने का समर्थन मूल्य रिकवरी 9.50 प्रतिशत पर निर्धारित 282. 125 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान किया जाएगा। साथ ही रिकवरी 9.5 प्रतिशत से अधिक होने पर 1 प्रतिशत पर 3 .05 प्रति क्विंटल प्रति क्विंटल अतिरिक्त गन्ना मूल्य भुगतान किया जाएगा।

कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा ने कहा कि गन्ना पेराई प्रारंभ होने से तीनों जिले सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर के किसानों को लाभ मिलेगा। मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना के अध्यक्ष श्री विद्यासागर सिंह एवं उपाध्यक्ष श्री जितेंद्र दुबे ने किसानों को सही समय पर गन्ना विक्रय करने कहा जिससे किसानों के गन्ने की समय पर खरीदी की जा सके। इस अवसर पर श्री कुमार सिंहदेव, मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना के महाप्रबंधक, प्रबंध संचालक, संचालक मंडल के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।

 

 

यह भी पढ़े :-केजरीवाल पर भूपेश बघेल का हमला

scroll to top