Close

भुवनेश यादव मंडी बोर्ड के नए एमडी होंगे, प्रतिनियुक्ति पर जम्मू-कश्मीर भेजे गए शिव अनंत तायल

भूपेश सरकार ने 2006 बैच केआईएएस  भुवनेश यादव को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। यादव अभी उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव हैं। उनके पास राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के प्रबंध संचालक की भी जिम्मेदारी है। वहीँ  छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी शिव अनंत तायल को जम्मू-कश्मीर सरकार में सेवाएं देने के लिए कार्यमुक्त कर दिया है।  राज्य सरकार ने  केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सहमति के बाद  उन्हें जिम्मेदारियों से मुक्त किया  है। अब उनके विभागों की जिम्मेदारी तीन अधिकारियों को दी गई है।

भारतीय प्रशासनिक सेवा 2012 बैच के अधिकारी शिव अनंत तायल अभी कृषि विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास छत्तीसगढ़ कृषि मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक की भी जिम्मेदारी थी। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने सितंबर महीने में उनको इंटर कैडर डेप्युटेशन पर जम्मू-कश्मीर भेजे जाने की अधिसूचना जारी की थी। अब राज्य सरकार ने उनकी सेवा जम्मू-कश्मीर सरकार को सौंप कर कार्यमुक्त कर दिया है। तायल अब श्रीनगर जाकर अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

भुवनेश खुद अवकाश पर, तब तक दूसरों को जिम्मेदारी

आईएएस  भुवनेश यादव खुद अवकाश पर हैं। ऐसे में नई जिम्मेदारी जूनियर अफसरों को दी गई है। 2016 बैच की चंदन त्रिपाठी अब मंडी बोर्ड कीप्रबंध संचालक का प्रभार संभालेंगी। त्रिपाठी अभी पशु चिकित्सा विभाग की संचालक हैं। 2016 बैच की ही तुलिका प्रजापति कुछ दिनों तक बीज एवं कृषि विकास निगम की एमडी  होंगी। प्रजापति अभी कृषि विभाग में उप सचिव हैं।

2018 में जम्मू-कश्मीर भेजे गए थे सुब्रमण्यम

छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस  अधिकारी बीवीआर सुब्रमण्यम 2018 में जम्मू-कश्मीर भेजे गए थे। वहां उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पुनर्गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 1987 बैच के सुब्रमण्यम अभी केंद्र सरकार में वाणिज्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

scroll to top