Close

सूर्यकुमार ने 25 गेंदों में बनाए 61 रन, भारत के लिए T20 में रचा इतिहास

T20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में जिम्बाब्वे टीम को 187 रन का लक्ष्य दिया। भारत के  कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत की शुरुआत खराब रही और रोहित 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अर्धशतक लगाकर केएल राहुल ने और विराट कोहली ने पारी संभाली। आखिर के ओवरों में सूर्यकुमार यादव ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 25 गेंदों में 61 रन की ताबड़तोड़ पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। इस दौरान सूर्यकुमार स्ट्राइक रेट 244 का रहा।

सूर्यकुमार T20 के नंबर वन बल्लेबाज

सूर्यकुमार मौजूदा समय में टी20 के नंबर वन बल्लेबाज हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ यह रैंकिंग हासिल की थी। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 35 रन बनाते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। सूर्यकुमार एक कैलेंडर ईयर यानी एक साल में टी20 अंतरराष्ट्रीय में हजार रन बनाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यकुमार ने साल 2022 में 28 टी20 मैचों की 28 पारियों में 44.60 की औसत और 186.54 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 1026 रन बनाए हैं। वह इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

हजार रन बनाने वाले सूर्यकुमार दूसरे बल्लेबाज

ओवरऑल एक कैलेंडर ईयर में हजार रन बनाने वाले सूर्यकुमार दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले पाकिस्तान के रिजवान ने 2021 में 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1326 रन बनाए थे। अब सूर्यकुमार के पास रिजवान को पीछे छोड़ने का मौका होगा। वह रिजवान को पीछे छोड़ने से बस 300 रन दूर हैं। अगर ऐसा होता है तो सूर्यकुमार एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। सूर्यकुमार ने इस साल एक शतक भी लगाया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 117 रन की पारी खेली थी। इस साल सूर्यकुमार ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक शतक और नौ अर्धशतक लगाए हैं।

सूर्यकुमार बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले खिलाड़ी बने

सूर्यकुमार ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह किसी एक टी20 वर्ल्ड कप के संस्करण में 100 से ज्यादा गेंद (ओवरऑल) खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में 193.26 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी हैं। उन्होंने 2010 टी20 वर्ल्ड कप में 175.70 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के

सूर्यकुमार ने साथ ही एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस साल (2022) अब तक कुल 59 छक्के लगाए हैं। इस मुकाम को छूने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड मोहम्मद रिजवान के नाम था। रिजवान ने 2021 में 42 छक्के लगाए थे। वहीं, मार्टिन गुप्टिल ने भी 2021 में 41 छक्के लगाए थे और वह तीसरे नंबर पर हैं।

 

यह भी पढ़े :-घरेलू विवाद से परेशान होकर CAF जवान ने लगाईं फांसी

scroll to top