Close

हार्दिक पटेल और रवींद्र जडेजा की पत्नी को भाजपा ने मैदान में उतारा, हार्दिक पटेल विरमगाम सीट से पहली बार कोई चुनाव लड़ेंगे

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 160 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने घाटलोडिया विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मोरबी सीट से कांतिलाल अमृतिया को टिकट दिया है।

हार्दिक पटेल विरमगाम सीट से पहली बार कोई चुनाव लड़ेंगे

बड़ी बात यह है कि क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी को जामनगर नॉर्थ से टिकट दिया गया है। वहीं, हार्दिक पटेल विरमगाम सीट से पहली बार कोई चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की पहली सूची में 14 महिलाओं को टिकट मिला है। 69 सिटिंग विधायकों को टिकट दिया गया है। 99 में से 69 को टिकट मिला है, यानी 30 लोगों का टिकट कट गया है। राजकोट पश्चिम से विजय रूपाणी चुनाव लड़ते थे, उनकी जगह डॉक्टर दर्शिता शाह को टिकट मिला है।

गुजरात में दो चरणों 1 और 5 दिसंबर को मतदान

बता दें कि 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में दो चरणों 1 और 5 दिसंबर को मतदान होना है। नतीजे 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के साथ आएंगे। बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए थे। इस बैठक में गुजरात की सभी 182 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई थी।

भाजपा की सूची की मुख्य बातें

  • भाजपा ने 182 में से 160 नामों का ऐलान कर दिया।
  • इनमें से 84 नाम पहले चरण के उम्मीदवारों के हैं।
  •  मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल घाटलोदिया से चुनाव लड़ेंगे।
  • भाजपा ने 30 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं।
  • लिस्ट पर मोरबी हादसे का भी असर दिखा।
  • मोरबी से मौजूदा विधायक ब्रजेश मेरजा का टिकट कटा।
  • हार्दिक पटेल को विरमगाम से टिकट मिला है।
  • क्रिकेटर रविन्द्र जाडेजा की पत्नी रिवाबा जामनगर नॉर्थ से टिकट।
  • 2017 में कांग्रेस से चुनाव लड़े 7 उम्मीदवारों को भाजपा ने इस बार टिकट दिया है।
  • भाजपा की लिस्ट में 14 महिलाओं का नाम शामिल है।

भाजपा नया रिकार्ड बनाने के लिए लगा रही पूरी ताकत

समझा जाता है कि भाजपा बैठक के दौरान सभी 182 उम्मीदवारों के नाम तय कर सकती है और अगले कुछ दिनों में सूची जारी कर सकती है। सूत्रों ने बताया कि चुनाव में सीटों पर जीत के लिहाज से नया रिकार्ड बनाने के मकसद से पार्टी संगठन पूरी ताकत लगा रहा है। सूत्रों ने यह भी बताया कि पार्टी को सुझाव मिले हैं कि उसे नए और युवा चेहरों को चुनना चाहिए। राज्य के पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 99 और उसकी मुख्य प्रतिद्वद्वी कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं।

 

यह भी पढ़े :-सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयोग को 11 नवंबर के बाद रामपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषित करने का दिया निर्देश

One Comment
scroll to top