Close

गुजरात विधासभा चुनाव : गुजरात चुनाव का आज पहला चरण, 89 सीटों पर होगा मतदान

गुजरात विधानसभा चुनाव

बहु प्रचारित, बहु प्रतीक्षित गुजरात चुनाव का आज पहला चरण है। इसके तहत 89 सीटों पर मतदान होना है। ये वो क्षेत्र है जहां पिछली बार पाटीदार आंदोलन का सर्वाधिक असर था। यानी सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण गुजरात। दक्षिण गुजरात यानी नर्मदा पार का पूरा इलाका। नर्मदा से मुंबई के कोने तक। यहाँ 35 सीटें हैं। सूरत, तापी, वलसाड, नवसारी, भरूच और नर्मदा जिला।

सौराष्ट्र कच्छ में कुल 54 सीटें हैं। सौराष्ट्र में 48 और कच्छ में छह। राजकोट, द्वारका, सोमनाथ, पोरबंदर और भावनगर की तमाम प्रतिष्ठित सीटें इसी इलाक़े में आती हैं। बहरहाल, अब सारा दारोमदार वोटिंग पर है। अगर लोग गुस्से में निकलते हैं तो समझिए सत्ता के खिलाफ कुछ हद तक वोटिंग होने की संभावना है।

ज्यादा वोटिंग का मतलब यह भी हो सकता है कि लोग आप पार्टी की मुफ्त की रेवड़ी से प्रभावित हैं। हो सकता है ऐसे में कांग्रेस को नुकसान ज्यादा हो! क्योंकि आप की मुफ्त बिजली कांग्रेस की मुफ्त बिजली से ज्यादा असरकारक रही है। कारण सीधा सा है। आप ने घोषणा बहुत पहले कर दी थी, जबकि कांग्रेस ने घोषणा करने में देर कर दी थी।

एक सीट पर काँटे की लड़ाई

राजकोट में एक सीट वह है जिस पर कांग्रेस के इंद्रनील लड़ रहे हैं। यह सीट बहुत काँटे की हो चुकी है। इसी तरह जामनगर की एक सीट पर काँटे की लड़ाई है जहां से क्रिकेटर रवीन्द्र जडेजा की पत्नी रीवाबा चुनाव लड़ रही हैं। द्वारका जिले की जाम खम्भालिया सीट भी प्रतिष्ठित है जहां से आप पार्टी के CM उम्मीदवार ईशुदान गढ़वी चुनाव लड़ रहे हैं।

कहने को तो द्वारका सीट भी महत्वपूर्ण है। यहाँ से भाजपा के पबुभा आठवीं बार चुनाव मैदान में उतरे हैं। कुल मिलाकर इस पहले चरण के मतदान से ही अंदाजा लग जाएगा कि कौन, कितने पानी में है। आप का जितना और जो कुछ असर हो सकता है, वह भी इसी इलाके में है, जहां गुरुवार को मतदान होने जा रहा है।

खासकर, सूरत के वराछा, कतरगाम और सौराष्ट्र का कुछ क्षेत्र। यहाँ आप की नहीं चली तो और कहीं भी नहीं चलेगी, ऐसा माना जा रहा है। नर्मदा जिले की सीट पर आप उम्मीदवार चैतर वसावा जरूर जीत के करीब दिखाई दे रहे हैं। भरूच जिले की एक सीट पर BTP के छोटू भाई वसावा की जीत भी तय मानी जा रही है।

कयास लगाने में लोग माहिर हैं

हालाँकि असल परिणाम तो 8 दिसंबर को ही पता चलेंगे, लेकिन कयास लगाने में लोग माहिर हैं और लगातार कयास लगाए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी को आप से नुकसान की संभावना इसलिए कम दिखाई दे रही है क्योंकि पिछली बार पाटीदार आंदोलन के कारण जो नुकसान उसे हुआ था, उससे ज्यादा नुकसान आप पार्टी तो नहीं ही कर सकती।

 

 

 

 

यह भी पढ़े :-सरायपाली विधानसभा मे नगरीय निकाय मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया की नजर

One Comment
scroll to top