Close

मानस मंडलियों की प्रतियोगिता में रामायण पाठ, गायन सुनने पहुंच रहे ग्रामीण

० ग्राम पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता चलेगी 15 दिसम्बर तक, चयनित मंडली जनपद स्तर पर होगी शामिल
जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत स्तर पर रामायण मंडलियों की प्रतियोगिता शुरू हो गई हैै। जिसमें प्रतिभागियों द्वारा सुनाए जा रहे रामायण पाठ, भजन गायन को सुनने के लिए ग्रामीण पहुंच रहे हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर यह प्रतियोगिता 15 दिसम्बर तक जारी रहेगी। जिसमें ग्राम पंचायत में चयनित एक विजेता जनपद पंचायत स्तर पर 5 से 25 जनवरी 2023 तक मानस मंडलियों की प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। इसके बाद जिला और फिर राज्य स्तर पर रामायण मंडलियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।
मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल की मंशारूप संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्राम, जनपद एवं जिला एवं राज्य स्तर पर प्रतियोगिता कराई जा रही है। जिले में प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर कलेक्टर  तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देशन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. ज्योति पटेल के मार्गदर्शन में मानस मंडलियों की प्रतियोगिता शुरू हुई है। जिपं सीईओ ने सभी जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत अधिकारी को छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन करने कहा है। प्रतियोगिता के निर्णायकों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मानस विशेषज्ञ, वरिष्ठ कलाकार, संगीत शिक्षकों को शामिल करने कहा है। चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन कराने वाली मानस मंडलियों को वाद्ययंत्र खरीदने के लिए 5 हजार रूपए की राशि प्रोत्साहन के रूप में प्रदान की जाएगी। रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन 25 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। ग्राम पंचायत में जितने भी रामायण मंडलियां है उनके बीच प्रतियोगिता के माध्यम से एक विजेता चुना जाएगा। जो दूसरे चरण में ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल होगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 27 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित होगी। राज्य स्तरीय आयोजन 16 से 18 फरवरी 2023 को राजिम जिला गरियाबंद में किया जाएगा।


मानस गायन की संस्कृति को बढ़ा रहे आगे
प्रदेश के सांस्कृतिक मानचित्र में रामायण मंडलियां एक अभिन्न अंग है, जो मानस गायन की संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। इन मानस मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए ही प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। जिसमें जनपद पंचायत जैजैपुर के किकिरदा ग्राम पंचयत में मानस मंडलियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत हरदी में मानस गायन प्रतियोगिता में मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति दी। जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बसंतपुर, बम्हनीडीह, भदरा, चोरिया, बलौदा जनपद पंचायत के बुडगहन, जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत मेउ में उत्साह, उमंग के साथ प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच कर आनंद ले रहे हैं।

scroll to top