Close

मलेशिया में भूस्खलन की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत

मलेशिया

मलेशिया के सेलांगोर राज्य में शुक्रवार को एक शिविर स्थल पर भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लापता हैं। भूस्खलन राजधानी कुआलालंपुर के उत्तर में पहाड़ी जेंटिंग हाइलैंड्स  के बाहर सेलांगोर प्रांत में हुआ। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए प्रशासन हाथ-पांव मार रहा है। अब तक 53 लोगों को बचाया है, अभी भी दर्जनों लापता हैं। मलेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा कि कैंपसाइट के ऊपर 30 मीटर की अनुमानित ऊंचाई से ढलान खिसक गई और लगभग एक एकड़ का क्षेत्र चपेट में आ गया। राज्य के अग्निशमन और बचाव विभाग ने कहा कि आठ की मौत हो चुकी है, 53 शिविरार्थियों को बचा लिया गया है। मलबे से लापता लोगों की तलाश जारी है। 100 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

कई लोग घायल

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक दर्जनों लोग लापता हैं। अग्निशमन और बचाव विभाग ने बताया कि कई लोग घायल हैं। विभाग के अनुसार बचाव अभियान चालू कर दिया गया है और तेजी से लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है।

31 लोगों को शिविर स्थल से बचाया गया

कुआलालंपुर के ठीक उत्तर में एक पहाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह भूस्खलन हुआ। मलेशिया के पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधन मंत्री निक नजमी बिन निक अहमद ने ट्विटर पर कहा, मैं प्रार्थना करता हूं कि लापता लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित पाया जाए। उन्होंने कहा कि बचाव दल सुबह से ही काम कर रहे हैं। वे खुद आपदा स्थल का दौरा करने वाले हैं। अग्निशमन विभाग के निदेशक नोराजम खमीस के अनुसार भूस्खलन के बाद कम से कम 31 लोगों को शिविर स्थल से बचाया गया है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन कैंपसाइट के ऊपर 30 मीटर की अनुमानित ऊंचाई से हुआ और लगभग एक एकड़ के क्षेत्र को कवर किया।

भूस्खलन किस वजह से हुआ स्पष्ट नहीं है

मलेशिया की बचाव एजेंसियों द्वारा ऑनलाइन पोस्ट की गई तस्वीरों में हेलमेट पहने कर्मचारियों को उखड़े हुए पेड़ों और मलबे से भरी जमीन पर लापता लोगों की तलाश में दिख रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि भूस्खलन किस वजह से हुआ। स्थानीय मीडिया ने कहा कि इससे पहले कोई भारी बारिश या भूकंप नहीं आया था। एक साल पहले, देश भर के सात राज्यों में मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ से लगभग 21,000 लोग विस्थापित हुए थे।

पहले भूस्खलन का कर चुका है सामना

बता दें कि यह आपदा राजधानी के उत्तर में स्थित बटांग कली जिले की एक पहाड़ी क्षेत्र जेंटिंग हाइलैंड्स में हुई। ये क्षेत्र अपने रिसॉर्ट्स और प्राकृतिक सुंदरता के लिए लोकप्रिय है। सेलांगोर देश का सबसे समृद्ध राज्य है और पहले भूस्खलन का सामना कर चुका है। इस क्षेत्र में यह घटनाएं बारिश के मौसम में अक्सर होती हैं, लेकिन रात भर कोई भारी बारिश या भूकंप नहीं दर्ज किया गया।

scroll to top