Close

जामुल नगर पालिका में भाजपा का कब्जा; खैरागढ़ में टाई के बाद रीकाउंटिंग में कांग्रेस एक वोट से जीती

छत्तीसगढ़ में शहरी सरकारों के गठन के लिए जनादेश का समय आ गया है। राजनांदगांव के खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में भाजपा 10, कांग्रेस ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की है। जबकि एक वार्ड-4 में टाई हो गया था। दोनों प्रत्याशियों को 387-387 वोट मिले थे। इसके बाद दो बार रीकाउंटिंग कराई गई, लेकिन फिर भी नतीजा नहीं निकल सका। इसके बाद जब तीसरी बार काउंटिग हुई तो एक वोट से कांग्रेस प्रत्याशी को जीता घोषित कर दिया गया। जामुल नगर पालिका पर भाजपा ने 20 में से 10 वार्ड में जीत दर्ज की। कोंटा में 15 वार्डों में से 14 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

इस पर भाजपाई भड़क गए। उन्होंने वहां रखी कुर्सियां तोड़ डाली और धरने पर बैठ गए हैं। आरोप है कि एसडीएम ने भाजपाइयों को बाहर निकाल, धोखाधड़ी कर कांग्रेस उम्मीदवार को जिताया है। वहीं बीरगांव में वार्ड 33 के निर्दलीय प्रत्याशी पुन्नी साहू को हार मिली है, इसका पता चलते ही पुन्नी साहू के पति बेहोश हो गए। उन्होंने धांधली का आरोप लगाया है।

जामुल नगर पालिका में भाजपा ने कब्जा किया है। यहां भाजपा  ने 10, कांग्रेस ने 5, जोगी कांग्रेस  ने 1 और निर्दलीय 4 वार्ड में अपनी जीत दर्ज कर चुके हैं। यहां जीत के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है।

रिसाली में कांटे की टक्कर, उतई में निर्दलीय ने लहराया परचम

वहीं रिसाली नगर निगम के लिए भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर चल रही है। पहले राउंड की गिनती समाप्ति पर कांग्रेस और भाजपा 16-16 वार्ड में बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि 8 वार्ड में निर्दलीय आगे हैं। दूसरी ओर उतई नगर पंचायत उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सतीश चंद्राकर ने 16 वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपा को तीसरे और कांग्रेस को चौथे नंबर से संतोष करना पड़ा है।

रायगढ़ नगर निगम के दो वार्डों 25 और 9 में उपचुनाव हो रहे हैं। वार्ड 25 से कांग्रेस की सपना सिदार और वार्ड 9 से कांग्रेस की ही रंजना कमल पटेल ने जीत दर्ज की। रायगढ़ की सारंगढ़ नगर पालिका के 15 वार्डों में से 12 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। वहीं तीन सीट पर अभी भी जद्दोजहद जारी है। बिलासपुर के इकलौते वार्ड तारबाहर में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस के असलम शेख ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी को 1 हजार 967 वोटों से हराया। तारबाहर में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस के असलम शेख ने बड़ी जीत हासिल की है।  यहाँ कांग्रेस प्रत्याशी 1 हजार 967 वोटों से जीते, भाजपा को सिर्फ 748 मत मिले।

नगर पालिका परिषद गोबरा-नवापारा उपचुनाव में वार्ड 14 में पहले चरण में भाजपा की मधु तरूण बाफना आगे चल रही हैं। उन्हें 265 मत मिले हैं। कांग्रेस की अनुजा जैन को 112 और निर्दलीय इदी चौहान को 8, निर्दलीय यामिनी मिश्रा को 49 मत मिले हैं। बीजापुर की भोपालपटनम नगर पंचायत में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पूरे 15 वार्डों में कांग्रेसी प्रत्याशी जीत गए हैं। सुकमा की कोंटा नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 14 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। सिर्फ वार्ड 5 पर भाजपा प्रत्याशी को जीत मिली है। बेमेतरा की मारो नगर पंचायत के 15 में से 9 वार्डों में कांग्रेस, 5 में बीजेपी और 1 में निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली है।

कांकेर के नरहरपुर जिला पंचायत के 11 वार्डों में कांग्रेस और 4 में भाजपा को जीत मिली। वार्ड 8 से कांग्रेस के वीरेंद्र जैन जीते हैं। जिले के भानुप्रतापपुर नगर पंचायत की एक सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत हुई है। कांग्रेस की शांति ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी को 4 मत से हराया है। शांति ठाकुर को 142 मत मिले तो वहीं भाजपा की कांति मरकाम को 138 मत। भानुप्रतापपुर में निर्दलीय प्रत्याशी चित्ररेखा मरकाम को मात्र एक वोट मिला। बेमेतरा के मारो नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी सुधा तिवारी की 53 वोटों से जीत हुई है। बीजापुर की भैरमगढ़ नगर पंचायत में 10 कांग्रेस और 4 वार्डों में भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।

करीब 2 हजार कर्मचारी 600 मेजों पर वोटों की गिनती कर रहे हैं। इसी गिनती से उन एक हजार 393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जो 385 सीटों पर कब्जे के लिए कई महीनों से जनता से वोट मांग रहे थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया, सभी जिलों में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए 29 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों को मतगणना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन, निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है, मतगणना के लिए 2 हजार कर्मचारी और 1500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने बताया, इस चुनाव में 4 लाख 88 हजार 425 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिसमें से 2 लाख 48 हजार 41 पुरुष, 2 लाख 40 हजार 369 महिला और 15 तृतीय लिंग समुदाय के लोग शामिल थे।

आम चुनाव वाले 15 नगरीय निकायों में 60.60% मतदान हुआ है। वहीं उप निर्वाचन का मतदान 64.85% रहा। बीरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों सहित 15 शहरों के 370 वार्डों में आम चुनाव हुआ था। यहां से 1345 उम्मीदवार पार्षद पद की दावेदारी कर रहे हैं। 14 शहरों के 15 वार्डों में चुनाव हुआ, जहां से 48 उम्मीदवार चुनावी मैदान मे थे।

 

 

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में आरटीई के दस वर्ष: स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम ने जारी की रिपोर्ट

One Comment
scroll to top