छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द! 5 दिनों में पहुंच सकता है प्रदेश, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले पांच दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं प्रदेश में सक्रिय स्थानीय मौसम तंत्र के प्रभाव से कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म, चंद्रपुर में सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में शनिवार को चंद्रपुर में सर्वाधिक 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा देवभोग, बस्तर और नवागढ़ में भी बारिश हुई। वहीं बिलासपुर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इन जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मानसून की रफ्तार बढ़ाने वाले सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में देवगढ़, कोप्पल, आनंदपुरम और चेन्नई तक पहुंच चुकी है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका उत्तर भारत से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
रायपुर में बादल तो छाएंगे, लेकिन राहत का इंतजार
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन राजधानी में अब तक बारिश नहीं होने से लोगों की उम्मीदें बार-बार टूट रही हैं।
अब सभी की नजरें मानसून की पहली जोरदार बारिश पर टिकी हैं, जो भीषण गर्मी से राहत दिला सकती है।





