Gallantry Awards 2026: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र और 13 शौर्य चक्र का भी एलान
दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीरता पुरस्कार (Gallantry Awards 2026) के नामों की भी घोषणा हो चुकी है। अंतरिक्ष यात्री और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया है। इसी के साथ सेना के तीन जवानों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, जिन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) का दौरा करने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रचा था, उन्हें भारत के सर्वोच्च शांतिकाल का वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया है।
शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र
जून 2025 में शुभांशु एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन गए थे। शुभांशु अंतरिक्ष यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय और आईएसएस पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बने। उनकी 18 दिन की अंतरिक्ष यात्रा, 41 साल बाद किसी भारतीय की अंतरिक्ष उड़ान थी। इससे पहले 1984 में राकेश शर्मा ने रूसी सोयुज यान से अंतरिक्ष यात्रा की थी। शुभांशु भारतीय वायुसेना के अनुभवी फाइटर पायलट हैं। उनके पास 2,000 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। उन्होंने एसयू-30 एमकेआई, मिग-21, मिग-29, जगुआर, हॉक, डोर्नियर और एएन-32 जैसे कई विमानों को उड़ाया है।
दक्षिणी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को 77वें गणतंत्र दिवस पर उत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के चीफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 77वें गणतंत्र दिवस पर परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
तीन कीर्ति चक्र और 13 शौर्य चक्र की घोषणा
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 70 सशस्त्र बलों के जवानों को वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी, जिनमें से छह को यह सम्मान मरणोपरांत मिलेगा। इनमें एक अशोक चक्र, तीन कीर्ति चक्र, 13 शौर्य चक्र (जिसमें एक मरणोपरांत शामिल है), एक बार टू सेना मेडल (वीरता) और 44 सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं। कीर्ति चक्र पुरस्कार विजेताओं में मेजर अर्शदीप सिंह, नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा और ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर शामिल हैं।





