#प्रदेश

जगदलपुर में भीषण सड़क हादसा : तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, 3 की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

Advertisement Carousel

जगदलपुर।जगदलपुर से एक भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गयी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण सड़क हादसा जगदलपुर जिले के मारडूम थाना क्षेत्र के मेंद्री घूमर मोड़ पर हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि, कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और चालक मोड़ पर गाड़ी को कंट्रोल नहीं कर सका। इसी वजह से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मारडूम थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल प्रभाव से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। वहीं पुलिस की टीम ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग गरियाबंद जिले के रहने वाले हैं और जगदलपुर घूमने आए थे।