कवर्धा में दहशत: गांव के पास दिखे तीन भालू, अलर्ट मोड में वन विभाग
कवर्धा। कवर्धा जिले में बीती रात एक खतरनाक स्थिति पैदा हो गई, जब जंगल से भटके तीन भालुओं का दल 17वीं बटालियन जैतपूरी और रामचुआ गांव के आसपास देखा गया। भालुओं के एक साथ घूमते दिखने से पूरे क्षेत्र में भय और सतर्कता का माहौल बन गया है। भालुओं को रात के समय गांव से थोड़ी दूरी पर घूमते हुए देखा गया।
यह पूरा इलाका भोरमदेव अभ्यारण्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए वन्यजीवों की आवाजाही यहां सामान्य रहती है, लेकिन एक साथ तीन भालुओं का गांव के पास पहुंचना ग्रामीणों के लिए डर का कारण बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी। वन विभाग जानकारी मिलते ही अलर्ट मोड में आ गया। विभाग ने ग्रामीणों से घरों में सुरक्षित रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और अकेले खेत या जंगल की ओर न जाने की अपील की है। साथ ही पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।





