#प्रदेश

प्रदेश में 4 नए उप पंजीयक कार्यालयों को मिली स्वीकृति

Advertisement Carousel

0 भखारा, लवन, सकरी और राजकिशोर नगर में खुलेंगे नए कार्यालय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सरल, सुलभ एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह रजिस्ट्रीकरण अधिनियम–1908 के तहत भखारा (जिला धमतरी), लवन (तहसील मुख्यालय, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा), सकरी एवं राजकिशोर नगर (जिला बिलासपुर) में चार नवीन उप पंजीयक कार्यालय खोलने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भखारा में नया उप पंजीयक कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसी तरह जिला पंजीयक बलौदाबाजार-भाटापारा के अंतर्गत तहसील मुख्यालय लवन तथा बिलासपुर जिले के सकरी और राजकिशोर नगर में भी उप पंजीयक कार्यालय खोले जाएंगे।
इन कार्यालयों के प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पंजीयन एवं रजिस्ट्री कार्यों के लिए दूरस्थ जिला मुख्यालयों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, कार्यालयों में भीड़ कम होगी तथा पंजीयन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और त्वरित बनेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी सेवाएं हर आम नागरिकों तक उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध कराई जाएं। नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्वीकृति से आम लोगों को पंजीयन से जुड़े कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी। यह निर्णय सुशासन की दिशा में एक और मजबूत कदम है।