Close

इंडिया एनर्जी वीक में बोले पीएम मोदी…भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गोवा में इंडिया एनर्जी वीक 2024 का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘दुनियाभर के विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। ऊर्जा क्षेत्र देश के विकास में बेहद अहम है। भारत पहले से ही तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता देश है।

मोदी ने कहा कि तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता, तीसरा सबसे बड़ा एलपीजी उपभोक्ता देश है। हम दुनिया में चौथा सबसे बड़ा एलपीजी आयात करते हैं। चौथा सबसे बड़ा रिफाइनरी मार्केट हमारा है और ऑटोमोबाइल सेक्टर भी हमारा ही चौथा सबसे बड़ा है। आज देश में दोपहिया वाहनों और कारों की रिकॉर्ड बिक्री हो रही है। ईवी की मांग भी बढ़ रही है। ऐसा अनुमान है कि भारत में 2045 तक ऊर्जा की मांग दोगुनी हो जाएगी।’

प्रधानमंत्री ने कहा ‘इंडिया एनर्जी वीक का आयोजन बेहद अहम समय में हो रहा है। इस वित्तीय वर्ष के बीते छह महीने में भारत की जीडीपी दर 7.5 फीसदी की दर से बढ़ रही है। यह दर वैश्विक अनुमान से भी ज्यादा है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है और हाल ही में आईएमएफ ने अनुमान जताया है कि हम इसी रफ्तार से आगे बढ़ेंगे।’

प्रधानमंत्री ने कहा ‘बढ़ती ऊर्जा जरूरतों के बीच भारत में सभी को सस्ती ऊर्जा मुहैया करायी जा रही है। भारत ऐसा देश है, जहां कई वैश्विक घटनाओं के बावजूद बीते दो सालों से पेट्रोल और डीजल के दाम कम हुए हैं। इसके अलावा भारत ने 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिसिटी कवरेज को भी हासिल किया है। करोड़ों घरों को बिजली पहुंचाई जा रही है और इन कोशिशों की वजह से भारत ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। भारत 21वीं सदी के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहा है। इस वित्तीय वर्ष में हम इंफ्रास्ट्रक्चर में ही 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।’

scroll to top