अब व्हाट्सएप पर मिलेगा बिजली बिल, एक क्लिक में होगा ऑनलाइन भुगतान
रायपुर।छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब बिजली बिल सीधे उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा जाएगा। उपभोक्ता इस बिल को पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि व्हाट्सएप पर ही एक क्लिक में बिल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यह सुविधा छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा शुरू की गई है। व्हाट्सएप संदेश कंपनी की ऑफिशियल वेरीफाइड आईडी से भेजा जाएगा, जिस पर ब्लू टिक रहेगा, ताकि उपभोक्ता किसी भी तरह की धोखाधड़ी से सुरक्षित रहें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और ऊर्जा सचिव एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव के मार्गदर्शन में बिजली कंपनी लगातार उपभोक्ता सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में यह डिजिटल सेवा शुरू की गई है।
प्रदेश में करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर कंपनी में पंजीकृत हैं। इनमें लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं। कंपनी इन उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजेगी।
अब तक मीटर रीडिंग के समय उपभोक्ताओं को घर पर बिल की हार्ड कॉपी दी जाती थी और एसएमएस से बिल की जानकारी भेजी जाती थी। नई व्यवस्था के तहत मीटर रीडिंग दर्ज होते ही उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिल पीडीएफ के रूप में प्राप्त होगा, साथ ही ऑनलाइन भुगतान का लिंक भी मिलेगा।
उपभोक्ताओं को यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में मिलेगी। वे अपनी पसंद की भाषा का चयन मोर बिजली ऐप में उपलब्ध लैंग्वेज प्रिफरेंस विकल्प से कर सकते हैं। यह व्हाट्सएप संदेश कंपनी की आधिकारिक आईडी से भेजा जाएगा, जिसमें अधिकृत मोबाइल नंबर 94255-51912 दर्ज रहेगा।
इस तरह रजिस्टर कराएं अपना मोबाइल नंबर
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी तक रजिस्टर नहीं है, वे इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अपना नंबर पंजीकृत करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता:
टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं
मोर बिजली ऐप के माध्यम से नंबर दर्ज करा सकते हैं
या अपने नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं
मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन के लिए उपभोक्ता को अपना 10 अंकों वाला बीपी नंबर, अंतिम बिल भुगतान की तारीख और राशि बतानी होगी। सत्यापन के बाद नंबर रजिस्टर हो जाएगा और उपभोक्ता को व्हाट्सएप पर बिजली बिल मिलने लगेगा।
बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।





