#राष्ट्रीय

आज देशभर में कैब सेवाएं प्रभावित, ओला-उबर-रैपिडो ड्राइवरों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल

Advertisement Carousel

 

दिल्ली। ओला, उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवर शनिवार को देशभर में हड़ताल पर हैं। ड्राइवरों ने इसे ऑल इंडिया ब्रेकडाउन नाम दिया है, जिसके तहत वे अपने मोबाइल ऐप बंद रखेंगे। इसका असर कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी सेवाओं पर पड़ सकता है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

इस हड़ताल का आह्वान तेलंगाना गिग वर्कर्स यूनियन और अन्य ड्राइवर संगठनों ने किया है। यूनियन का आरोप है कि कैब कंपनियां न तो न्यूनतम किराया तय कर रही हैं और न ही ड्राइवरों के लिए कोई स्पष्ट नियम बनाए गए हैं, जिससे उनका लगातार शोषण हो रहा है।

ड्राइवर संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि किराया तय न होने के कारण कंपनियां मनमाने ढंग से कमीशन काट रही हैं, जिससे ड्राइवरों की आय अनिश्चित हो गई है और आजीविका चलाना मुश्किल हो रहा है।

यूनियन ने सरकार से ऑटो, टैक्सी और बाइक टैक्सी के लिए न्यूनतम किराया निर्धारित करने की मांग की है। इसके अलावा निजी (सफेद नंबर प्लेट) वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाने या उन्हें कमर्शियल श्रेणी में लाने की भी मांग की गई है। साथ ही कैब कंपनियों पर सख्त निगरानी की जरूरत बताई गई है।

हड़ताल के चलते शनिवार को कई शहरों में कैब सेवाएं सीमित रह सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मेट्रो, बस या निजी वाहनों जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें, खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में।